

रतलाम। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा परम वंदनीय माताजी की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीपक के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ’ अभियान के अंतर्गत सुयोग परिसर, रतलाम में 28 घरों में एक साथ गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया।
मुख्य ट्रस्टी पातीराम जी शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल यज्ञ आयोजन तक सीमित न होकर परिवारों में सकारात्मक विचार, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता पैदा करना है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को पौधा प्रदान कर उसके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। साथ ही नशे से दूर रहने एवं परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी कराया गया।
देव संस्कृति विश्व विद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार की पूर्व छात्रा साधना वारोदे और ओजस्वीता साहू ने भी यज्ञ सम्पन्न करवाया।
गायत्री महामंत्र के मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं ने विधिवत आहुतियां समर्पित कीं। इस दौरान विश्व कल्याण की भावना से दैनिक साधना एवं उपासना से जुड़ने का आह्वान किया गया, ताकि यज्ञ की सकारात्मक ऊर्जा और संस्कारों का प्रभाव परिवार से समाज तक पहुंचे। मंत्रोच्चार एवं यज्ञ से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर स्थानीय रहवासियों ने सपरिवार सहभागिता करते हुए यज्ञ में आहुतियां दीं तथा अभियान के सामाजिक एवं आध्यात्मिक उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सफल आयोजन के लिए स्थानीय निवासियों ने गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।