पक्षियों की सेवा के लिए खुला ‘पक्षी घर

  • लीनेस डिस्ट्रिक्ट एमपी-1 कृष्णिका का स्थायी सेवा प्रकल्प बना मिसाल
  • दाना-पानी की आजीवन व्यवस्था के लिए आगे आए दानदाता, 1000 पौधे लगाने का संकल्प

जावरा (अभय सुराणा)। “अपने लिए तो हर व्यक्ति सोचता है, लेकिन बेजुबान पक्षियों के रहने, खाने और पानी की व्यवस्था के बारे में सोचना सच्ची जीवदया और सेवा का उदाहरण है।” इसी भावना को साकार करते हुए ऑल इंडिया लीनेस क्लब डिस्ट्रिक्ट एमपी-1 कृष्णिका द्वारा जावरा शुगर मिल स्थित श्री अकेला हनुमान जी मंदिर परिसर में निर्मित स्थायी सेवा प्रकल्प ‘पक्षी घर’ का एक गरिमामय समारोह के बीच लोकार्पण किया गया। पक्षी घर के निर्माण के लिए श्री अकेला हनुमान जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पक्षी घर की परिकल्पना डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट लीनेस पुष्पा वरुण द्वारा की गई तथा सभी लीनेस बहनों, दानदाताओं एवं सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से इसे साकार किया गया।
पक्षी घर का लोकार्पण ऑल इंडिया अध्यक्ष लीनेस आशा मोहन राव, बेंगलुरु एवं मल्टीपल प्रेसिडेंट लीनेस अंजना सिंघल, गुना द्वारा किया गया। लोकार्पण अवसर पर ऑल इंडिया अध्यक्ष आशा मोहन राव ने 10,000 रुपये तथा मल्टीपल प्रेसिडेंट अंजना सिंघल ने 5,000 रुपये की सहयोग राशि भेंट की।
लोकार्पण के बाद उपस्थित अतिथियों ने पक्षी घर को जीवदया एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल बताते हुए इसकी मुक्त कंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि मनुष्य अपने और अपने परिवार के लिए घर एवं सुविधाएं जुटाता है, लेकिन बेजुबान पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय के साथ उनके दाना-पानी की स्थायी व्यवस्था करने की सोच अपने आप में विशेष है। इस सोच को धरातल पर उतारने के लिए डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट पुष्पा वरुण और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है।

लोकार्पण होते ही सहयोग के लिए लगी दानदाताओं की कतार
समारोह का सबसे भावुक और उत्साहपूर्ण दृश्य उस समय देखने को मिला, जब पक्षी घर के लोकार्पण के बाद पक्षियों के दाना-पानी की नियमित व्यवस्था के लिए सहयोग की घोषणाएं शुरू हुईं। सेवा प्रकल्प से प्रभावित होकर दानदाता स्वयं आगे आने लगे। किसी ने 11 हजार रुपये, किसी ने 5 हजार रुपये, तो किसी ने 2100 रुपये सहयोग देने की घोषणा की। देखते ही देखते पक्षियों की सेवा में सहयोग करने वाले दानदाताओं की कतार लग गई।
जावरा शहर के पत्रकार बंधुओं ने भी पक्षी घर के लिए सहयोग राशि प्रदान कर सेवा कार्य में सहभागिता की। सहयोग की इस भावना ने समारोह को और भी भावपूर्ण बना दिया। पूरे परिसर में तालियों की गूंज के बीच यह संदेश स्पष्ट हुआ कि सेवा का एक छोटा प्रयास भी समाज के अनेक लोगों को उससे जोड़ सकता है। अतिथियों ने कहा कि किसी सेवा प्रकल्प की वास्तविक सफलता तभी है, जब वह समाज को भी सेवा से जुड़ने की प्रेरणा दे। पक्षी घर ने लोकार्पण के पहले ही दिन यह उद्देश्य पूरा कर दिखाया।

एक साथ तीन स्थायी सेवा गतिविधियों का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सेवा के क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण गतिविधियों को आगे बढ़ाया गया। राजेंद्र काला जी के सौजन्य से 1000 पौधे उपलब्ध कराए गए, जिन्हें पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से लगाने का संकल्प लिया गया। इस अभियान की शुरुआत समारोह के दौरान 100 पौधे लगाकर की गई। इसके साथ ही जरूरतमंदों को आजीवन भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में भी सहयोग राशि भेंट की गई।
जूनियर क्लब जावरा ने भी सेवा में सहभागिता करते हुए पक्षी घर के लिए 50 किलो अनाज भेंट किया। जूनियर क्लब अध्यक्ष लीनेस वंशिका चौहान ने स्वागत नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में रतलाम क्लब अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में लीनेस पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समारोह में वाइस मल्टीपल प्रेसिडेंट रचना गुप्ता, वाइस डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट मृदुला सिन्हा, मल्टीपल कोषाध्यक्ष ममता छाजेड़, निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट कल्पना वडीं, सेवा गतिविधि सचिव पुष्पा वासन, प्रशासनिक सचिव कविता चौहान, डिस्ट्रिक्ट कोषाध्यक्ष आभा शर्मा, मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर आभा मेहता, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अचला गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट पीआरओ मधु जैन, सह कोषाध्यक्ष कल्पना राजपुरोहित, रतलाम क्लब सुषमा अध्यक्ष कोमल पोरवाल, एरिया ऑफिसर अंजू सिकरवार, दीपिका सोनी, सुमन सोनी, विनीत सोनी, रंजन सेठिया, आरती उपमन्यु, डायरेक्टरी संपादक कामिनी राठौर, जिला चेयरपर्सन अनुशुइया गर्ग, रूपाली मोदी, यास्मीन खान, प्रेरणा राठौड़, पुष्पा साहू, शकुंतला मांदलिया, श्याम सोनी एवं श्याम परखी सहित बड़ी संख्या में लीनेस सदस्य एवं जावरा शहर के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ध्वज वंदना यास्मीन खान द्वारा प्रस्तुत की गई, जबकि डिस्ट्रिक्ट प्रार्थना लीनेस चंचल गदिया ने प्रस्तुत की। डिस्ट्रिक्ट ऑल इन वन लीनेस जागृति ठक्कर ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर मनोरंजक गेम्स भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए तथा पांच लकी ड्रॉ निकाले गए।
‘पक्षी घर केवल निर्माण नहीं, जीवदया की स्थायी व्यवस्था’
डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट लीनेस पुष्पा वरुण ने कहा कि यह पक्षी घर किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सभी लीनेस बहनों, मंदिर ट्रस्ट, दानदाताओं एवं सहयोगियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। इसका उद्देश्य केवल पक्षियों को आश्रय देना नहीं, बल्कि उनके लिए दाना-पानी की ऐसी स्थायी व्यवस्था बनाना है, जो निरंतर चलती रहे।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि तेजी से बदलते शहरी वातावरण में पक्षियों के प्राकृतिक आश्रय कम होते जा रहे हैं। ऐसे में पक्षियों के संरक्षण के लिए किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संतुलन, जीवदया और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
पक्षी घर के लोकार्पण से लेकर दानदाताओं द्वारा खुले मन से दिए गए सहयोग और 1000 पौधे लगाने के संकल्प तक पूरे समारोह ने एक ही संदेश दिया—“सेवा केवल मनुष्य की नहीं, हर जीव की हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *