45 दिनों में पूरी हुई इंडस्ट्रियल एरिया की नई सड़क

लघु उद्योग भारती के निरंतर प्रयासों से मिली सौगात, उद्योगपतियों-श्रमिकों और आम नागरिकों को होगा लाभ

रतलाम। लघु उद्योग भारती, रतलाम के निरंतर प्रयासों और उद्योग जगत की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए इंडस्ट्रियल एरिया से गंगासागर पार्क होते हुए मांगलिया मंदिर तक सीमेंट-कांक्रीट सड़क का निर्माण कार्य महज 45 दिनों में पूर्ण कर दिया गया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, महापौर श्री प्रहलाद पटेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय के सहयोग और प्रयासों से लघु उद्योग निगम द्वारा सड़क का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया गया।
लघु उद्योग भारती मालवा प्रांत के सचिव श्री संजय व्यास, रतलाम इकाई अध्यक्ष श्री अनिल सारडा, उपाध्यक्ष श्री अचिंत पोरवाल, सचिव श्री रोहित मालपानी सहित श्री शैलेंद्र सुरेखा, श्री चंद्रप्रकाश अवतानी, श्री विजय धनोतिया, श्री राजेश रांका, श्री कुंदन सोनी, श्री आशीष अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे।

आवागमन होगा सुगम, समय और ईंधन की होगी बचत
नई सड़क के निर्माण से इंडस्ट्रियल एरिया में आने-जाने वाले उद्योगपतियों, श्रमिकों एवं आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब इस मार्ग से इंडस्ट्रियल एरिया तक पहुंचना अधिक सुगम होगा और श्रमिकों एवं उद्योगपतियों का आवागमन लगभग 4 से 5 मिनट में संभव हो सकेगा। साथ ही मांगलिया मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधाजनक और बेहतर मार्ग उपलब्ध होगा।

भारी वाहनों को मिलेगा छोटा और सीधा मार्ग
दिल्ली, राजस्थान एवं गुजरात की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी इस सड़क के माध्यम से इंडस्ट्रियल एरिया तक पहुंचने में लगभग 3 से 4 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ेगी। इससे परिवहन में लगने वाले समय और ईंधन दोनों की बचत होगी तथा औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

आपात स्थिति में मेडिकल कॉलेज पहुंचना होगा आसान
नई सड़क का एक महत्वपूर्ण लाभ आपातकालीन परिस्थितियों में भी मिलेगा। इंडस्ट्रियल एरिया में किसी दुर्घटना अथवा आकस्मिक घटना की स्थिति में मरीज को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज तक अपेक्षाकृत कम समय में पहुंचाया जा सकेगा। इससे आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

लघु उद्योग भारती ने जताया आभार
सड़क निर्माण पूर्ण होने पर लघु उद्योग भारती की रतलाम इकाई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, महापौर श्री प्रहलाद पटेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन ने कहा कि सड़क निर्माण से इंडस्ट्रियल एरिया की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और उद्योग जगत के साथ-साथ आम नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *