21वीं श्रद्धा यात्रा में दिखा आस्था, भक्ति और सर्वधर्म समभाव का संदेश; 21 अगस्त को सांवरिया जी धाम पहुंचकर विश्व शांति व पर्याप्त वर्षा की करेंगे प्रार्थना


रतलाम। सावन के पवित्र माह में मां कालिका की नगरी रतलाम भगवान भोलेनाथ और सांवरिया सेठ की भक्ति में सराबोर नजर आ रही है। इसी क्रम में करमदी रोड स्थित श्री सांवरिया जी मंदिर से श्री सांवरिया जी की 21वीं श्रद्धा पैदल यात्रा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा में लगभग 150 श्रद्धालु 250 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर रवाना हुए। यात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
सुबह 9 बजे श्री सांवरिया जी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा प्रारंभ हुई। श्रद्धालु हाथों में धर्म ध्वजा एवं राष्ट्रध्वज लेकर भक्ति में झूमते हुए आगे बढ़े। बैंड की धार्मिक धुनों के बीच ‘सांवरियो है सेठ, म्हारी राधा जी सेठानी है’ सहित विभिन्न भजनों और सांवरिया सेठ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कालिका माता मंदिर में किए दर्शन
पैदल यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई मां कालिका मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने मां कालिका के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ी। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
इस्लामिया हिंद कमेटी ने किया आत्मीय स्वागत
न्यू क्लॉथ मार्केट क्षेत्र में सामाजिक संस्था इस्लामिया हिंद कमेटी, शर्मा मित्र मंडल एवं मॉर्निंग टी ग्रुप की ओर से यात्रा का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। संस्था अध्यक्ष इकराम इक्का बेलूत के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में यात्रा आयोजक विनोद राठौड़ का पगड़ी पहनाकर एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न समाजों एवं संगठनों की सहभागिता ने रतलाम की गौरवशाली सर्वधर्म समभाव और सामाजिक सौहार्द की परंपरा को मजबूत संदेश दिया। यात्रा के स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।
21 अगस्त को सांवरिया जी धाम पहुंचेंगे श्रद्धालु
यात्रा 21 अगस्त को श्री सांवरिया जी धाम पहुंचने की संभावना है। वहां श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं पर्याप्त वर्षा के लिए प्रार्थना की जाएगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इनकी रही सहभागिता
पैदल यात्रा के स्वागत में कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, यासमीन शेरनी, मयंक जाट, महेंद्र कटारिया, इक्का बेलूत, फैयाज मंसूरी, नजमा बेलूत, जोएब आरिफ, राजेश पुरोहित, राजेश परमार, राजकुमार जैन, चंदन राठौड़, समरथ पाटीदार, शहजाद खान, राजेश राठौड़, राजेश प्रजापत, राजेश माहेश्वरी, संदेश शर्मा, हेमंत अग्रवाल, सुशील मेहता, वीरपाल सिंह, राजू जलवानी, पंकज राठौड़ सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सांवरिया सेठ की भक्ति में निकली यह यात्रा न केवल श्रद्धा और धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि रतलाम की सामाजिक एकता, भाईचारे और सर्वधर्म समभाव की परंपरा को भी मजबूती से सामने लाई।