नाग पंचमी पर शिव शक्ति वासुकी धाम में आस्था और भक्ति का भव्य संगम

विशेष पूजन, यज्ञ, संतों के आशीर्वचन एवं भव्य महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

रतलाम। नाग पंचमी के पावन अवसर पर शिव शक्ति वासुकी धाम, स्नेह नगर, 80 फीट रोड, रतलाम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। सोमवार, 17 अगस्त 2026 को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भगवान शिव एवं नाग देवता की विशेष आराधना के साथ पूजन, यज्ञ, पूर्णाहुति, संतों के आशीर्वचन एवं भव्य महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
आयोजन की शुरुआत प्रातः 9 बजे बाबा पूजन से हुई। इसके पश्चात प्रातः 11 बजे यज्ञ का आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे पूर्णाहुति संपन्न हुई तथा संध्या 4 बजे भव्य महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान शिव शक्ति वासुकी धाम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से निर्वाणी अखाड़ा पीठाधीश्वर, आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी श्री श्री 1008 विशोकानंद जी भारती महाराज, महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी श्री देवस्वरूपानंद जी एवं संस्कार ऋषि संत श्री दिनेश व्यास जी, घटवास वाले का सान्निध्य एवं शुभ आशीर्वाद श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ।
संतों ने अपने आशीर्वचन में धर्म, संस्कार, सेवा, सदाचार एवं जीवन मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि प्रकृति, जीव-जंतुओं और समस्त सृष्टि के प्रति सम्मान एवं संरक्षण की भावना भी सिखाती है। संतों के प्रेरणादायी विचारों ने श्रद्धालुओं को जीवन को सकारात्मक, संस्कारित एवं सार्थक बनाने की प्रेरणा दी।
नाग पंचमी का आध्यात्मिक महत्व
नाग पंचमी सनातन परंपरा में भगवान शिव, नाग देवता एवं प्रकृति के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन पर्व है। भगवान शिव के गले में विराजमान नाग यह संदेश देते हैं कि सृष्टि के प्रत्येक जीव का अपना महत्व है। प्रकृति के प्रत्येक स्वरूप के प्रति सम्मान, संरक्षण और संवेदनशीलता रखना हमारा दायित्व है।
नाग पंचमी के अवसर पर नाग देवता के पूजन के साथ भगवान शिव की आराधना श्रद्धालुओं के मन में शांति, श्रद्धा एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। शिव शक्ति वासुकी धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभूति और धार्मिक आस्था का विशेष अवसर बना।
कार्यक्रम की जानकारी स्नेह ननगर विकास समिति अध्यक्ष चेतना पाटीदार ने दी।
आयोजन को सफल बनाने में वासुकी मित्र मंडल के शैलेन्द्र डागा, मोतीलाल पिरोदिया, दिनेश पाटीदार, शुभ दशोत्तर, हेमन्त मूणत, करन पाटीदार, पंडित प्रवीण शर्मा, महेन्द्र सिंह राठौर, लोकेन्द्र सिंह राठौर, भगवती शंकर रावल, जगदीश शर्मा, बाबूलाल शर्मा, हेमंत बैरागी, मांगीलाल पांडे, सत्यनारायण राठौड़, करण पाटीदार, गौरव पाटीदार, मुकेश परमार एवं मनीष शर्मा सहित वासुकी मित्र मंडल के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
धार्मिक अनुष्ठानों, संतों के सान्निध्य और भव्य महाआरती के साथ नाग पंचमी महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *