संसद यूथ पार्लियामेंट 2026 में रतलाम के देव निमिष व्यास ने बढ़ाया जिले का गौरव

रतलाम। । मध्यप्रदेश विधानसभा, भोपाल में 13 एवं 14 अगस्त को आयोजित Sansad Youth Parliament 2026 में देश के 28 राज्यों से 85 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन में रतलाम का प्रतिनिधित्व करते हुए श्री देव निमिष व्यास ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने प्रभावशाली वक्तव्य एवं शोध पूर्ण तर्कों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
दो दिवसीय युवा संसद में देव निमिष व्यास को रूलिंग पार्टी की ओर से केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का पोर्टफोलियो सौंपा गया। यह उनके लिए विशेष जिम्मेदारी और गौरव का विषय रहा।
युवा संसद के पहले दिन भारत के बढ़ते पर्यावरण संकट से निपटना (Addressing India’s Escalating Environmental Crisis) विषय पर चर्चा हुई। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की भूमिका निभाते हुए देव व्यास ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का पक्ष प्रभावशाली ढंग से रखा। अपने संबोधन के समापन पर उन्होंने कविता के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा—
“हर बिंदु में भारत का कल है,
हर बूंद में जीवन का बल है।
जल बचाएं, भविष्य सजाएं,
यही नए भारत का नया संकल्प है।”
दूसरे दिन समान नागरिक संहिता (UCC) के विषय पर सदन में चर्चा हुई। देव व्यास ने UCC के समर्थन में अपने विचार रखते हुए कहा—
“हम धर्म से अलग हो सकते हैं, प्रांतों से अलग हो सकते हैं, भाषाओं से अलग हो सकते हैं, पूजा की पद्धति अलग हो सकती है, परंतु न्याय का आधार अलग नहीं हो सकता।”
उनके इस वक्तव्य को सदन में विशेष रूप से प्रभावशाली माना गया। दोनों दिनों में देव व्यास ने अपने शोध, तथ्यों और तार्किक प्रस्तुति के माध्यम से युवा संसद की चर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस आयोजन में देव निमिष व्यास को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से सर्वश्रेष्ठ शोध कार्य के लिए राजा भोज पुरस्कार ( Raja Bhoj Award for Best Research Work) से भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके शोधपूर्ण दृष्टिकोण और तैयारी को मिली महत्वपूर्ण पहचान है।
रतलाम के लिए यह गौरव का विषय है कि जिले के युवा देव निमिष व्यास ने राष्ट्रीय स्तर के इस युवा संसदीय मंच पर प्रभावशाली सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, शोध क्षमता और संसदीय कौशल का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *