कलेक्टर श्री कटेसरिया के मार्गदर्शन में 776 स्कूली छात्राओं का हुआ नेत्र परीक्षण

दृष्टि दोष वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क चश्मे मिलेंगे, एक छात्रा को ऑपरेशन के लिए दिया परामर्श

रतलाम । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार जिले में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूली छात्राओं का नेत्र परीक्षण कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली में स्कूलों में दर्ज 784 छात्राओं में से 776 छात्राओं का नेत्र परीक्षण किया गया।
प्रारंभिक परीक्षण में 157 छात्राओं में दृष्टि दोष पाया गया। इसके बाद नेत्र चिकित्सा सहायक श्री एम.एल. शर्मा एवं नर्सिंग ऑफिसर श्री रमेश भूरिया के सहयोग से इन छात्राओं का विस्तृत नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें 56 छात्राओं में दृष्टि दोष की पुष्टि हुई।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि दृष्टि दोष से प्रभावित बच्चों को समय पर आवश्यक उपचार एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसी क्रम में दृष्टि दोष पाए गए बच्चों को राष्ट्रीय निवारण कार्यक्रम के सहयोग से निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे।
परीक्षण के दौरान एक बच्चे में प्टोसिस की समस्या भी पाई गई, जिसे आवश्यक उपचार एवं ऑपरेशन के लिए चिकित्सकीय परामर्श दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *