- सांदीपनि विद्यालय में कलेक्टर ने बोर्ड पर लिखा भाग का सवाल, बच्चों ने किया हल
- कलेक्टर एवं विधायक ने सांदीपनि विद्यालय, कॉलेज एवं आईटीआई के नवीन भवनों का किया निरीक्षण



रतलाम । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने शुक्रवार को पिपलौदा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय, निर्माणाधीन नवीन कॉलेज भवन एवं ग्राम राकोदा स्थित नवीन आईटीआई भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति एवं शैक्षणिक संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


सांदीपनि विद्यालय में कलेक्टर ने बोर्ड पर लिखा भाग का सवाल, बच्चों ने किया हल
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया एवं विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। कलेक्टर ने कक्षा में पहुंचकर बोर्ड पर भाग का सवाल लिखा और विद्यार्थियों से उसे हल करने को कहा। विद्यार्थियों ने सवाल हल किया। कलेक्टर ने बच्चों को भाग हल करने की सरल प्रक्रिया भी समझाई।
कलेक्टर एवं विधायक ने विद्यार्थियों की पाठ्य पुस्तकें एवं कॉपियां भी देखीं तथा उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। एक विद्यार्थी ने संस्कृत की पाठ्य पुस्तक पढ़कर सुनाई। विधायक डॉ. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को अच्छी तरह पढ़ाई करने और आगे बढ़कर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। भाग का सवाल हल करने वाले विद्यार्थी के साथ कलेक्टर ने फोटो भी खिंचवाया।
इसके बाद कलेक्टर एवं विधायक ने निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में चल रहे कार्यों, सीसीटीवी रूम तथा अन्य व्यवस्थाओं को देखा और साइट इंचार्ज से कार्यों की जानकारी ली। विद्यालय तक पहुंच मार्ग पर चल रहे कार्यों को भी देखा तथा उसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कॉलेज भवन का शेष कार्य 15 दिवस में पूर्ण कर हैंडओवर करने के दिए निर्देश
कलेक्टर एवं विधायक ने निर्माणाधीन नवीन कॉलेज भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन में शेष कार्यों की जानकारी ली। बताया गया कि भवन में कोटा स्टोन की घिसाई का कार्य शेष है।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने पीडब्ल्यूडी भवन के कार्यपालन यंत्री श्री सचिन हरित को निर्देश दिए कि कोटा स्टोन की घिसाई सहित भवन के सभी शेष कार्य पूर्ण कर आगामी 15 दिवस में कॉलेज भवन को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं करने तथा गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने कॉलेज प्राचार्य से भी चर्चा कर आवश्यक सुझाव एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
नवीन आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन, फिटर एवं कंप्यूटर ट्रेड संचालित
इसके बाद कलेक्टर एवं विधायक ने ग्राम राकोदा में निर्मित नवीन आईटीआई भवन का निरीक्षण किया। भवन पूर्ण रूप से तैयार है। उन्होंने आईटीआई में संचालित ट्रेड, मशीनों एवं आवश्यक उपकरणों की जानकारी ली तथा प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि नवीन आईटीआई में वर्तमान में इलेक्ट्रीशियन, फिटर एवं कंप्यूटर तीन ट्रेड संचालित हैं, जिनमें दसवीं पास विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष में तीन नवीन ट्रेड जोड़े जाने पर विचार किया जा रहा है। इनमें ड्रोन टेक्नोलॉजी, विंड एनर्जी एवं सोलर एनर्जी जैसे रोजगारोन्मुखी ट्रेड शामिल किए जाने की दिशा में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आईटीआई में युवाओं को वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुरूप तकनीकी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता है। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जावरा एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा, तहसीलदार पिंकी साठे, संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय एवं कॉलेज के प्राचार्य तथा आईटीआई के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।