कलेक्टर एवं विधायक ने निर्माणाधीन सिविल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रतलाम । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक श्री राजेंद्र पाण्डेय ने शुक्रवार को निर्माणाधीन सिविल अस्पताल पिपलौदा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने अस्पताल भवन के निर्माण कार्य, उपयोग की जा रही सामग्री एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सितंबर में सभी कार्य पूर्ण कर अक्टूबर में अस्पताल को करें हैंडओवर
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने पीडब्ल्यूडी भवन के कार्यपालन यंत्री श्री सचिन हरित को निर्देश दिए कि सिविल अस्पताल के सभी शेष निर्माण कार्य सितंबर माह में अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं तथा अक्टूबर माह में अस्पताल को पूरी तरह हैंडओवर कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अक्टूबर माह में पूरी तरह शिफ्टिंग सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि यदि निर्माण कार्य अथवा अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी शेष है तो तत्काल संज्ञान में लाकर उसका निराकरण किया जाए। उन्होंने अस्पताल भवन के अंदर पहुंचकर एक-एक व्यवस्था का निरीक्षण किया। निर्माण में उपयोग की गई एलईडी, वायर सहित अन्य सामग्री की गुणवत्ता भी देखी तथा इंजीनियर से निर्माण एवं सामग्री के संबंध में जानकारी ली।
अस्पताल की व्यवस्थाओं का सीएमएचओ करेंगे परीक्षण
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण करें। अस्पताल भवन को हैंडओवर किए जाने से पहले आवश्यक सुविधाओं, उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा शेष कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पूरी तरह डिजिटल होगा सिविल अस्पताल, मरीजों का बनेगा आभा आईडी
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि सिविल अस्पताल पिपलौदा को पूरी तरह डिजिटल अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां मरीजों को दी जाने वाली पर्ची, उपचार संबंधी रिकॉर्ड, दवाइयों सहित मरीज से संबंधित विभिन्न सेवाओं को डिजिटल रूप से संचालित किया जाएगा। प्रत्येक मरीज की आभा आईडी भी बनाई जाएगी, जिससे उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप से संधारित करने में सुविधा होगी।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जावरा एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा, तहसीलदार श्रीमती पिंकी साठे सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे।