दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि पर दिव्य दर्शन भवन, डोंगरे नगर, सेवाकेंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन

oplus_0

रतलाम। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के डोंगरे नगर सेवाकेंद्र में रविवार, 23 अगस्त को संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि एवं विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य मानव सेवा के साथ-साथ रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना एवं जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में सहयोग देना रहा।
कार्यक्रम में सर्किल जिला जेल के उप अधीक्षक बृजेश मकवाना, समाजसेवी मानव सेवा समिति से एवं RDA के उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, नामली नगर परिषद उपाध्यक्ष पूजा योगी तथा समाजसेवी एवं मुखर्जी महिला मंडल की उपाध्यक्ष ममता सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम बृजेश मकवाना ने रक्तदान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का अत्यंत पुनीत कार्य है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए समाज के स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने रक्तदान को केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी संवेदनशीलता और सहयोग की भावना का प्रतीक बताया।
गोविंद काकानी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई जीवनदान नहीं है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में आशा की नई किरण ला सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है, क्योंकि उनका संपूर्ण जीवन मानवता, प्रेम, करुणा और विश्व बंधुत्व की भावना को समर्पित रहा।
सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी प्रेम, सरलता, करुणा और विश्व बंधुत्व की प्रतिमूर्ति थीं। उनकी स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का सुंदर माध्यम है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता हमें आत्मिक शक्ति के साथ-साथ दूसरों के प्रति सहयोग, संवेदना और सेवा का भाव सिखाती है। रक्तदान के माध्यम से हम किसी के जीवन को बचाने में निमित्त बन सकते हैं और यही सच्ची मानव सेवा है। इस रक्तदान शिविर में सेवाकेंद्र द्वारा 55 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
नामली नगर परिषद उपाध्यक्ष पूजा योगी ने कहा कि रक्तदान समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा मानव सेवा एवं सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा अभियानों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है ।
ममता सोलंकी ने भी रक्तदान को जीवन बचाने वाली महान सेवा बताते हुए कहा कि रक्तदान में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होता। हम अपना रक्त देकर किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने दादी प्रकाशमणि जी के जीवन एवं उनके द्वारा दिए गए प्रेम, शांति, सेवा और विश्व बंधुत्व के संदेश को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर के माध्यम से समाज में यह संदेश दिया गया कि “रक्तदान केवल रक्त का दान नहीं, बल्कि किसी के जीवन को बचाने का महान संकल्प है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *