श्री जागनाथ महादेव निकले नगर भ्रमण पर, ढोल-ताशा, अखाड़े और 11 झांकियों ने बढ़ाई शोभा, भक्तों ने आरती कर की अगवानी

जावरा (अभय सुराणा) । सावन माह के अंतिम सोमवार को जावरा शहर शिवभक्ति में डूबा नजर आया। पूल बाजार स्थित बड़े शंकर मंदिर से श्री जागनाथ महादेव की भव्य शाही सवारी निकली। भगवान महादेव के नगर भ्रमण को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह भक्तों ने पालकी में विराजित भगवान जागनाथ महादेव एवं श्री सिद्धनाथ महादेव की आरती कर पूजा-अर्चना की और पुष्पवर्षा कर अगवानी की।
अखाड़े के हैरतअंगेज करतबों ने खींचा ध्यान
शाही सवारी में सबसे आगे नरसिंहपुरा का अखाड़ा चल रहा है। अखाड़े के उस्ताद एवं कलाकार अपने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन करते हुए चल रहे हैं। इसके बाद श्री भस्म रमैया भक्त मंडल की ढोल-ताशा पार्टी की गूंज के बीच भगवान महादेव की पालकी आगे बढ़ रही है।
पालकी के साथ भजन मंडली और डीजे भी श्रद्धालुओं में उत्साह भर रहे हैं। सवारी में शामिल 11 आकर्षक झांकियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं।
हर तरफ गूंज रहे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे
शाही सवारी जैसे-जैसे शहर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। भक्त भगवान की पालकी की आरती कर रहे हैं और दर्शन के लिए आतुर नजर आ रहे हैं। पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोले’ के जयकारों से गूंज रहा है।
सवारी में शामिल ‘भूत-भावन बराती’ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई शाही सवारी और झांकियों को देखने के लिए बाजार में पहुंच रहा है।
घंटाघर पर होगी महाआरती
शाही सवारी धीरे-धीरे घंटाघर चौराहे की ओर बढ़ रही है। यहां रात करीब 8 बजे भगवान महादेव की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद भी आयोजन देर रात तक जारी रहने की संभावना है। शाम ढलने के साथ बाजार क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है।
व्यवस्था में जुटा पुलिस-प्रशासन
शाही सवारी को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस बल तैनात है। बीएम ग्रुप एवं श्री जागनाथ महादेव भक्त मंडल के सदस्य भी सवारी के सफल आयोजन में सेवाएं दे रहे हैं।
सावन के अंतिम सोमवार पर निकली श्री जागनाथ महादेव की शाही सवारी ने पूरे जावरा को शिवमय कर दिया। भक्ति, आस्था और उल्लास के इस माहौल में देर रात तक श्रद्धालुओं के उमड़ने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।