जावरा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : पनीर, दही और बटर के 5 सैंपल लिए, भोपाल भेजे जांच के लिए

जावरा (अभय सुराणा) । खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जावरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। में इस दौरान पनीर, दही एवं बटर के कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भारत पैलेस से लिया पनीर का नमूना
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने बताया कि टीम ने महू-नीमच रोड स्थित भारत पैलेस, जावरा का निरीक्षण किया। यहां मिलावट की आशंका के आधार पर पनीर का नमूना मानक स्तर की जांच के लिए लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पंजीयन प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

श्री गुरु कृपा पैलेस में पनीर-दही की जांच
इसी क्रम में महू-नीमच रोड स्थित होटल श्री गुरु कृपा पैलेस का भी निरीक्षण किया गया। यहां मिलावट की आशंका के चलते पनीर एवं दही के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल संचालक को प्रतिष्ठान में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।

जैन ढाबा एनएक्स से बटर और दही के सैंपल
टीम ने महू-नीमच रोड स्थित जैन ढाबा एनएक्स का भी निरीक्षण किया। यहां प्रोपराइटर परमानंद पिता जगन्नाथ राठौर के प्रतिष्ठान से डिलीशियस बटर एवं दही के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत लिए गए।

भोपाल की लैब तय करेगी गुणवत्ता
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल पांच खाद्य नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *