मालवा रीजन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सोनी ने संभाली जिम्मेदारी

रतलाम। अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप मालवा रीजन की वर्ष 2026-28 की नई कार्यकारिणी ने रविवार को अभ्युदयपुरम जैन तीर्थ, बड़नगर रोड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में विधिवत जिम्मेदारी संभाली।
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष अशोक-अनिता मोदी ने मालवा रीजन अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी उमंग-दक्षा जैन को सौंपी। नवनियुक्त अध्यक्ष उमंग-दक्षा जैन के नेतृत्व में वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रशेखर किरण सोनी सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश कोठारी, श्रीमती कांता राजेंद्र बांठिया एवं हेमंत कोठारी ने शपथ दिलाई। नई कार्यकारिणी ने समाजसेवा, मानव सेवा तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह की शुरुआत मंगलाचरण से हुई। इसके पश्चात मंचीय कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, नलखेड़ा के पूर्व प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रेम मस्ताना, फेडरेशन राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश कोठारी, वरिष्ठ अभिभाषक दिलीप सिसोदिया, जालना से पधारे गौतम मूणोत एवं नरेंद्र धाकड़ सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मालवा रीजन प्रभारी पीयूष चित्रा जैन, श्रीमती कांता राजेंद्र बांठिया, राजेंद्र जैन, नरेंद्र संचेती, हेमंत कोठारी, रितेश कटकानी, पारस मोदी, अरिहंत जैन, अनिल छाजेड़, जय नाहर, अजय पितलिया, पल्लवी डांगी, प्रभा कोठारी सहित फेडरेशन के वरिष्ठ पदाधिकारी, मार्गदर्शक एवं समाजजन समारोह में मौजूद रहे।
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद अध्यक्ष उमंग-दक्षा जैन ने कहा कि मालवा रीजन की सामाजिक एवं मानव सेवा गतिविधियों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। संगठन समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर सेवा कार्यों का विस्तार करेगा तथा जरूरतमंदों तक सेवा का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
समारोह में सामूहिक विवाह सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इसे सामाजिक सहयोग, समरसता और जरूरतमंद परिवारों की सहायता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं समाजजनों के लिए मैत्री भोज का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अर्पणा कंकरेचा ने किया, जबकि आभार श्रीमती अंतिम चिराग बांठिया ने व्यक्त किया।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उत्साह, मैत्री एवं सामाजिक एकजुटता का वातावरण देखने को मिला। नई कार्यकारिणी ने आगामी कार्यकाल में सेवा गतिविधियों को और व्यापक बनाने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *