अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं उपाध्यक्षद्वय द्वारा संयुक्त रूप से योजनाओं के निरीक्षण के दौरान निर्णय लिया गया


रतलाम 26 अगस्त । रतलाम विकास प्राधिकरण अपनी परशुराम विहार एवं कालिका विहार योजनाओं के अविक्रीत भूखंडों के विक्रय हेतु शीघ्र निविदा आमंत्रित करेगा । आज अपरान्ह प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया, उपाध्यक्षद्वय गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी एवं प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण जैन द्वारा प्राधिकरण की योजनाओं के संयुक्त निरीक्षण में तदाशय का निर्णय लिया गया ।
पदाधिकारी एवं अधिकारी गण द्वारा प्राधिकरण की यातायात नगर, नगर विकास योजना (टी. डी. एस.- 2), कालिका विहार एवं परशुराम विहार योजनाओं का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया । यातायात नगर योजना के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया द्वारा योजना के बड़े भूखंडों के क्रय में एक- दूसरे से जुड़े हुए भूखंड क्रय करने हेतु क्रेता को वरीयता देने हेतु सुझाया , ताकि योजना में बड़ी एजेंसीज भी व्यवसाय हेतु अपने प्रतिष्ठान निर्मित कर सकें । जिलाधीश ने प्राधिकरण की योजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की समस्या आने पर हर संभव निराकरण हेतु आश्वस्त किया । अध्यक्ष श्री पोरवाल ने बताया कि यातायात नगर योजना में शेष कार्यों की पूर्णता उपरांत रेरा के पंजीयन की कार्रवाई की जाकर भूखंडों की बिक्री प्रारंभ कर दी जाएगी । निरीक्षण के दौरान यातायात नगर योजना के वास्तुविद श्री अरुण सूर्यवंशी ने उपस्थित जनों को योजना के नियोजन के बारे में विस्तृत जानकारी दी । इस अवसर पर प्राधिकरण के सहायक यंत्री भावेश पाटिल, वरिष्ठ लिपिक राजेश उपाध्याय सहित नगर विकास योजना क्रमांक -2 के वास्तुविद मयंक जगवानी आदि उपस्थित थे।