बाजना, आलोट और जावरा में आकस्मिक निरीक्षण, जावरा में 40 किलो मावा भी जप्त


रतलाम 26 अगस्त । आगामी त्यौहारों के मद्देनजर जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग एवं प्रशासन द्वारा मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार आकस्मिक निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार बाजना, आलोट एवं जावरा में संयुक्त एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा कार्रवाई की गई।


जावरा में 40 किलो मावा जप्त, पांच नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
जावरा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल द्वारा काटजू नगर स्थित शिवरंजनी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां मावा, गुलाब जामुन एवं दूध के नमूने मानक स्तर की जांच के लिए लिए गए। मिलावट की आशंका के आधार पर मौके से 40 किलो मावा जप्त कर संबंधित व्यक्ति की अभिरक्षा में दिया गया। प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश देने के साथ खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट, पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट एवं पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार पिपली बाजार स्थित अरोड़ा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर केसर बर्फी एवं सेव के नमूने लिए गए। जावरा में लिए गए कुल पांच खाद्य नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
बाजना में तीन प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
बाजना में प्रशासनिक दल द्वारा मिठाई दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया द्वारा कर्नाटक चौराहा स्थित कामतानाथ रेस्टोरेंट से मावा बर्फी, मोरवी स्वीट्स एंड बेकरी से उत्सव सोन पपड़ी तथा जैन स्वीट्स, राजपूत मोहल्ला से मिल्क केक एवं सेव के नमूने लिए गए। दुकानदारों को प्रतिष्ठान में स्वच्छता बनाए रखने तथा उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का ही निर्माण एवं विक्रय करने के निर्देश दिए गए।
आलोट में मिठाई के नमूने, घरेलू गैस सिलेंडर जप्त
आलोट में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा द्वारा मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। कारगिल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स से घी, मिठाई, घेवर, सोन पपड़ी एवं रसगुल्ला तथा संजय चौक स्थित श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार से मिठाई, पेड़े, सोन पपड़ी एवं रसगुल्ला के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार से घरेलू गैस सिलेंडर भी जप्त किया गया।