14 से 29 वर्ष के युवाओं को संगठन से जोड़ने की नई सोच, बजरंग पुरोहित ने पार्टी नेतृत्व को पूर्व मे भेजा था प्रस्ताव पत्र

रतलाम। बदलते दौर में युवाओं की बदलती सोच, डिजिटल सक्रियता और नई तकनीक से उनके बढ़ते जुड़ाव को देखते हुए भाजपा युवा मोर्चा के स्वरूप में नए प्रयोग की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी दिशा में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष एक महत्वपूर्ण और दूरगामी सुझाव रखा है।
पुरोहित ने भाजपा युवा मोर्चा के अंतर्गत 14 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए अलग “Gen-Z विंग” गठित करने का प्रस्ताव दिया है। उनका मानना है कि यह पहल देश की नई युवा पीढ़ी को भाजपा की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
“युवाओं से जुड़ना है तो संवाद का तरीका भी नया होना चाहिए”
सुझाव पत्र में कहा गया है कि आज की Gen-Z पीढ़ी पारंपरिक राजनीतिक संवाद के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, पॉडकास्ट, रील्स और शॉर्ट वीडियो के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से संवाद करती है। ऐसे में युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए संगठन को भी आधुनिक संवाद शैली अपनानी होगी।
पुरोहित ने सुझाव दिया कि Gen-Z विंग को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए AI, डिजिटल मीडिया, स्टार्टअप, गेमिंग, कंटेंट क्रिएशन, मानसिक स्वास्थ्य, पर्यावरण और कौशल विकास जैसे विषयों से जोड़ा जाए।
पदाधिकारी नहीं, “डिजिटल लीडर्स” तैयार करने पर जोर
प्रस्ताव में Gen-Z विंग के लिए पारंपरिक संगठनात्मक ढांचे के साथ आधुनिक कार्यप्रणाली अपनाने का सुझाव दिया गया है। इसमें कम्युनिटी लीडर्स, डिजिटल एम्बेसडर और कंटेंट कोलाबोरेटर्स जैसे दायित्व विकसित किए जा सकते हैं, ताकि युवा अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार संगठन में भूमिका निभा सकें।
रील्स से लेकर टाउनहॉल तक, युवाओं से सीधा संवाद
पुरोहित ने युवाओं के लिए पॉडकास्ट, ओपन-माइक, टाउनहॉल, डिजिटल कैंपेन, रील्स एवं शॉर्ट वीडियो प्रतियोगिताओं जैसे कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया है। साथ ही स्कूल-कॉलेज स्तर पर हैकाथॉन, गेमिंग प्रतियोगिता, पर्यावरण अभियान और स्किल डेवलपमेंट वर्कशॉप आयोजित करने की बात कही गई है।
राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल
प्रस्ताव में Gen-Z युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों के बजाय राष्ट्र निर्माण के रचनात्मक कार्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों के भ्रमण, स्थानीय इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों तथा आपदा प्रबंधन जैसे विषयों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।
भाजपा के लिए तैयार हो सकती है नई युवा टीम
पुरोहित के अनुसार यदि युवा मोर्चा के भीतर Gen-Z पीढ़ी के लिए समर्पित मंच तैयार किया जाता है तो इससे युवाओं की ऊर्जा, तकनीकी क्षमता और रचनात्मक सोच को संगठनात्मक शक्ति में बदला जा सकता है। यह पहल भविष्य में भाजपा के लिए नई पीढ़ी के प्रशिक्षित, तकनीक-सक्षम और राष्ट्रवादी युवा नेतृत्व की मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बन सकती है।
सुझाव पत्र में पार्टी नेतृत्व से इस विषय पर गंभीरता से विचार कर Gen-Z विंग के गठन की दिशा में पहल करने का आग्रह किया गया है।