मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर 29 अगस्त को अलकापुरी कम्युनिटी हॉल में होगा आयोजित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बालाघाट जिले में करेंगे द्वितीय जनविश्वास दौरा

रतलाम 28 अगस्त । प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित किए जा रहे ‘‘मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम’’ के तहत इस सप्ताह 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के शासकीय अवकाश के कारण शिविर का आयोजन शनिवार, 29 अगस्त 2026 को अलकापुरी कम्युनिटी हॉल में प्रातः 11 बजे किया जाएगा।

बालाघाट जिले में मुख्यमंत्री का द्वितीय जनविश्वास दौरा
29 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का बालाघाट जिले में द्वितीय जनविश्वास दौरा प्रस्तावित है। इसी के दृष्टिगत रतलाम जिले में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण की कार्यवाही की जाएगी।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहेंगे उपस्थित
अलकापुरी कम्युनिटी हॉल में आयोजित शिविर में मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, जिले के विधायकगण, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, कलेक्टर, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षदगण सहित नगर पालिक निगम रतलाम एवं विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

शिकायतों के त्वरित निराकरण पर रहेगा जोर
शिविर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं की समीक्षा कर उनके निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों पर शासन के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *