कलेक्टर ने तहसील शहर एवं ग्रामीण के अभिलेखागार का किया निरीक्षण

पुराने राजस्व अभिलेखों, मिसल, नक्शों एवं नामांतरण पंजी का बारीकी से अवलोकन किया

रतलाम 31 अगस्त । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सोमवार को तहसील कार्यालय शहर एवं तहसील कार्यालय ग्रामीण स्थित अभिलेखागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुराने राजस्व अभिलेखों के संधारण, रिकॉर्ड की स्थिति तथा अभिलेखों में दर्ज जानकारी का बारीकी से अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अभिलेखागार में रखे मिसल रिकॉर्ड, पुराने नक्शे, खसरा रिकॉर्ड, नामांतरण पंजी, रीनंबरिंग संबंधी अभिलेख तथा बंदोबस्त रिकॉर्ड की जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों में दर्ज जानकारी में किसी प्रकार की भिन्नता अथवा विसंगति की स्थिति के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वर्ष 1956-57 के पुराने नक्शों सहित विभिन्न पुराने राजस्व अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी तहसीलों से संबंधित मिसल रिकॉर्ड, अपराध पंजी, लेखा रिकॉर्ड तथा पुराने न्यायालयीन प्रकरणों से संबंधित अभिलेख भी देखे। हल्का स्तर पर संधारित किए जाने वाले अभिलेखों की स्थिति की भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने अभिलेखागार में उपलब्ध पुराने दस्तावेजों एवं पंजीयों के व्यवस्थित संधारण, सुरक्षा तथा रिकॉर्ड की प्रामाणिकता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने राजस्व अभिलेख महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, जिनका सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव आवश्यक है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *