पदभार ग्रहण करते ही एक्शन में आए नए टीआई, प्रेस क्लब जावरा ने किया स्वागत-सम्मान


जावरा। रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जारी तबादला आदेश के बाद निरीक्षक मनोज कटारिया ने जावरा शहर थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उ जबकि पूर्व थाना प्रभारी दीपक मंडलोई का स्थानांतरण सैलाना किया गया है। इस आदेश में जिले के 36 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं।
शिक्षक बनना चाहते थे, बन गए इंस्पेक्टर
नए टीआई मनोज कटारिया मूलतः एक शिक्षक बनना चाहते थे। उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है। लेकिन पुलिस विभाग में चयन होने के बाद उन्होंने खाकी को ही जनसेवा का माध्यम बना लिया। इससे पूर्व वे इंदौर पुलिस के कई महत्वपूर्ण थानों में पदस्थ रह चुके हैं, जहां अपराध नियंत्रण में उनकी सख्त कार्यशैली के चलते वे गुंडे-बदमाशों की क्लास लगाने वाले अफसर के रूप में चर्चित रहे।
शहर की सुरक्षा और शांति है पहली प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा में श्री कटारिया ने कहा कि जावरा में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों की सुरक्षा और गंभीर अपराधों पर नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए वे शीघ्र ही यातायात प्रभारी के साथ बैठक कर नई कार्ययोजना लागू करेंगे और निरंतर क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन कर रहे हैं।
प्रेस क्लब जावरा ने किया स्वागत
पदभार ग्रहण के अवसर पर प्रेस क्लब जावरा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने थाने पहुंचकर उनका स्वागत-सम्मान किया। इस दौरान मोतियों की माला पहनाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
सौजन्य भेंट के दौरान शहर की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, नशा-मुक्ति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। प्रेस क्लब की ओर से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और प्रशासनिक गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका पर विचार रखे गए।
टीआई कटारिया ने कहा कि पुलिस और पत्रकार दोनों समाज के प्रति जवाबदेह हैं और आपसी संवाद व समन्वय से ही शहर में बेहतर व्यवस्था कायम की जा सकती है। इस अवसर पर प्रेस क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित रहे।