चार दिन पहले जनता ने शुरू किया था आवागमन, खामियों के चलते फिर हुआ बंद

व्यापारियों के हाथों उद्घाटन की घोषणा के बीच आगे नजर आए नेता

जावरा (अभय सुराणा) । लंबे इंतजार के बाद रविवार को नगर के रेलवे अंडरब्रिज का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इससे रेलवे फाटक के आसपास रहने वाले नागरिकों, वाहन चालकों और व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, शुभारंभ के साथ ही उद्घाटन की प्रक्रिया और राजनीतिक श्रेय को लेकर भी चर्चाएं सामने आईं।
जानकारी के अनुसार, औपचारिक उद्घाटन से चार दिन पहले आमजन ने अंडरब्रिज पर आवागमन शुरू कर दिया था, लेकिन बाद में निर्माण संबंधी कुछ खामियों का हवाला देते हुए इसे बंद कर दिया गया। बताया गया कि ठेकेदार ने खामियां दूर करने की बात कही थी। दो दिन पहले जावरा आए सांसद सुधीर गुप्ता के समक्ष स्थानीय लोगों ने यह मुद्दा उठाया, जिसके बाद सांसद ने डीआरएम से चर्चा कर अंडरब्रिज आमजन के लिए खोलने की बात कही।
रविवार सुबह आयोजित समारोह में भाजपा महामंत्री अनिल धारीवाल ने घोषणा की कि अंडरब्रिज का उद्घाटन व्यापारी बंधु करेंगे। लेकिन फीता काटने के समय सांसद प्रतिनिधि और दमदार भाजपा नेता आगे नजर आए, जबकि व्यापारी पीछे दिखाई दिए। व्यापारियों को सम्मान देने की पहल के बीच उद्घाटन के समय सामने आए इस दृश्य ने चर्चा को जन्म दिया।

सोशल मीडिया पर भी श्रेय की चर्चा
अंडरब्रिज के शुभारंभ के बाद सोशल मीडिया पर किसी ने सांसद सुधीर गुप्ता के प्रयासों को श्रेय दिया तो किसी ने विधायक की भूमिका को प्रमुखता दी। वहीं, एक अन्य भाजपा नेता ने जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और नगर की जनता को धन्यवाद देते हुए सामूहिक प्रयासों का उल्लेख किया। अशोक सेठिया को सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने के अवसर पर उनके निवास पर भी नेताओं की मौजूदगी रही।

शुभारंभ के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता ढोल-ढमाकों के साथ अंडरब्रिज से गुजरे और खुशी जाहिर की। अंडरब्रिज शुरू होना नगर के लिए राहत की बात है। अब जरूरी है कि निर्माण संबंधी खामियों को दूर कर इसका सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। राजनीतिक श्रेय की चर्चाओं के बीच जनता की सुविधा ही इस परियोजना की असली कसौटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *