रतलाम । सामाजिक संस्था जनशक्ति द्वारा जनशक्ति के वरिष्ठ सदस्य वैद्य श्री विनोद कुमार निगम की पावन स्मृति में श्वास एवं दमा रोग निवारण हेतु सात दिवसीय निःशुल्क औषधि वितरण शिविर लगाया जाएगा ।
सामाजिक संस्था जनशक्ति द्वारा प्रतिवर्ष शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर दमा एवं श्वास रोग निवारण हेतु आयुर्वेदिक दवा का निःशुल्क वितरण किया जाता है, इसी तारतम्य में इस वर्ष भी 25 अक्टूबर रविवार को आने वाली शरद पूर्णिमा के पूर्व दिनाँक 19 अक्टूबर सोमवार से 25 अक्टूबर रविवार तक जनशक्ति कार्यालय “आशादीप” स्टेशन रोड पर 7 दिन तक प्रातः 10 बजे से रात्री 9 बजे तक निःशुल्क दवा वितरित की जाएगी।
यह दवाई जिला आयुर्वेद सम्मेलन के अनुभवी वैद्यगण के निर्देशन में उनके द्वारा तय किए गए फार्मूले से बनाई जाती है, जिसमें 6 तरह की जड़ी-बूटी का उचित अनुपात में मिश्रण किया जाता है उक्त दवा का शरद पूर्णिमा की अमृतमयी निशा में सेवन करने से दमा एवं श्वास रोगियों को बहुत लाभ होता है। इसके अतिरिक्त गंभीर रोगियों को 18 जड़ी-बूटी से निर्मित 7 दिन की ओषधि भी निःशुल्क दी जाएगी जिसके सेवन करने से अनेक रोगियों को पंप से भी छुटकारा मिला और लगातार 3 वर्ष तक सेवन करने से दमे की दवा लेने की भी आवश्यकता नहीं रही है |
यह औषधि शरद पूर्णिमा की रात्रि को खीर में मिलाकर रोगी अपने घर पर ही ले सकेंगे, दवा वितरण स्थल पर औषधि के सेवन की विधि, परहेज एवं अन्य उपयोगी जानकारी भी दी जायेगी, इसके अतिरिक्त गंभीर रोगियों को अगले 7 दिन की दवा भी निःशुल्क प्रदान की जायेगी ।
उल्लेखनीय है कि यह आयुर्वेदिक औषधि जनशक्ति द्वारा पिछले 30 वर्षों से वितरित की जा रही है, रतलाम जिले सहित मंदसौर, नीमच, धार, इंदौर, उज्जैन, बांसवाड़ा, झाबुआ, दाहोद, वडोदरा आदि के हज़ारों रोगी लाभान्वित होते हैं। आपसे निवेदन है कि इस शिविर का लाभ उठाएं और यह संदेश वायरल कर अपने परिचित दमा रोगियों को जानकारी देवें।