कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सपत्नीक श्री रामकृष्ण विवेकानंद आश्रम में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की

रतलाम 20 अक्टूबर । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सपत्नीक श्री रामकृष्ण विवेकानंद आश्रम, जवाहर नगर रतलाम पहुंचे और बंगाली समाज द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। दशहरे के अवसर पर बंगाली परंपरा के अनुसार आयोजित पूजा में कलेक्टर श्री कटेसरिया सपत्नीक शामिल हुए और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
बंगाली समाज रतलाम द्वारा आयोजित सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव का यह निरंतर 53वां वर्ष है। वर्ष 1974 में कालिका माता मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई यह परंपरा विगत अनेक वर्षों से श्री रामकृष्ण विवेकानंद आश्रम, जवाहर नगर में श्रद्धा, आस्था एवं हर्षोल्लास के साथ निभाई जा रही है।
बंगाली समाज की दुर्गा पूजा अपनी विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखती है। पूजा महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में समाजजन श्रद्धा के साथ सहभागिता करते हैं।
दुर्गा पूजा महोत्सव का विशेष आकर्षण मां दुर्गा की विदाई से पूर्व आयोजित होने वाला सिंदूर खेला है। बंगाली परंपरा के अनुसार इसे मां दुर्गा की विदाई की रस्म के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर महिलाएं मां दुर्गा की प्रतिमा को सिंदूर अर्पित करती हैं तथा एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मिठाई खिलाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *