कायस्थ समाज महाकुंभ 24 व 25 अक्टूबर को

  • अखिल भारतीय युवा युवती परिचय सम्मेलन व राष्ट्रीय अधिवेशन एवं कायस्थ महाकुंभ के आयोजन स्थल का भूमि पूजन कार्तिक मेला ग्राउंड पर हुआ संपन्न
  • 18 राज्यों से जुटेंगे कायस्थ समाज के लोग, पहली बार सवा लाख ॐ चित्रगुप्ताय नमः मंत्र जाप का संकल्प, 11 हजार परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य

उज्जैन। बाबा महाकाल की पावन नगरी, भगवान श्री चित्रगुप्त जी की प्राकट्य स्थली एवं मोक्षदायिनी मां क्षिप्रा के तट पर स्थित कार्तिक मेला ग्राउंड में मंगलवार को राष्ट्रीय अधिवेशन एवं कायस्थ महाकुंभ–2026 के आयोजन स्थल का भूमि पूजन विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। आगामी 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के लगभग 18 राज्यों से कायस्थ समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम संयोजक दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि कायस्थ समाज को एकजुट करने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा समाज की भावी पीढ़ी को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से यह राष्ट्रीय आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए देशभर के समाजबंधुओं से संपर्क किया जा रहा है।

पहली बार होगा सवा लाख मंत्र जाप, 11 हजार परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य
महाकुंभ का प्रमुख आकर्षण भगवान श्री चित्रगुप्त जी की आराधना में सामूहिक रूप से सवा लाख ॐ चित्रगुप्ताय नमः मंत्र जाप करने का संकल्प है। इसके माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, एकता, सद्भाव एवं सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही आयोजन के माध्यम से 11 हजार कायस्थ परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य समाज के अधिकाधिक परिवारों को एक साझा मंच पर लाकर संगठन को मजबूत करना तथा सामाजिक सहभागिता बढ़ाना है।

अखिल भारतीय युवक-युवती एवं विधवा-विधुर परिचय सम्मेलन होगा प्रमुख आकर्षण
दो दिवसीय आयोजन में अखिल भारतीय कायस्थ युवक-युवती परिचय सम्मेलन के साथ विधवा-विधुर, तलाकशुदा एवं दिव्यांगजनों के लिए भी परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इन सम्मेलनों का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों तथा पुनर्विवाह के इच्छुक समाजबंधुओं को उपयुक्त जीवनसाथी तलाशने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।

जीवनसाथी से बातचीत के लिए मिलेगी विशेष केबिन सुविधा
परिचय सम्मेलन की एक विशेष पहल के अंतर्गत प्रतिभागियों को अपने संभावित जीवनसाथी से बातचीत करने के लिए विशेष केबिन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन समिति का उद्देश्य प्रतिभागियों को सहज एवं अनुकूल वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे एक-दूसरे के विचारों, व्यक्तित्व और अपेक्षाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें तथा विवाह संबंधी निर्णय लेने से पहले आपसी संवाद कर सकें।
आयोजन समिति के अनुसार, परिचय सम्मेलन में इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराना एक अभिनव पहल है, जिससे प्रतिभागियों को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संवाद का अवसर मिलेगा।

युवा महापंचायत, नारी प्रेरणा संगम एवं व्यापारी-उद्योगपति सम्मेलन भी होंगे
राष्ट्रीय अधिवेशन एवं कायस्थ महाकुंभ में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युवा महापंचायत, नारी प्रेरणा संगम तथा कायस्थ व्यापारी एवं उद्योगपति सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में युवा सशक्तीकरण, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, व्यवसाय, उद्यमिता तथा समाज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही दशहरा मिलन समारोह एवं ‘कुटुंब रसोई’ के माध्यम से सामूहिक महाभोज का आयोजन होगा। इसका उद्देश्य समाज के परिवारों के बीच आपसी मेल-मिलाप, आत्मीयता, पारिवारिक एकता एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है।

गणमान्यजनों एवं समाजबंधुओं की उपस्थिति में हुआ भूमि पूजन
राष्ट्रीय अधिवेशन एवं कायस्थ महाकुंभ के आयोजन स्थल का भूमि पूजन कार्यक्रम संयोजक दिनेश श्रीवास्तव, उज्जैन विकास प्राधिकरण के सदस्य श्री अमित श्रीवास्तव, श्रीमती उर्मिला श्रीवास्तव, बाबूलाल गौड़, अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव, डॉ. अनिमेष श्रीवास्तव, राजेश सक्सेना, सुशील श्रीवास्तव, महेंद्र सक्सेना, भूपेंद्र कुमार श्रीवास्तव, श्रीमती अनुपमा श्रीवास्तव, श्रीमती नेहा श्रीवास्तव, श्रीमती चेतना श्रीवास्तव, श्रीमती पल्लवी श्रीवास्तव, श्रीमती शशि श्रीवास्तव, श्रीमती ममता श्रीवास्तव, श्रीमती स्वाति श्रीवास्तव, अतुल सक्सेना, चंद्रमोहन श्रीवास्तव, भारत सक्सेना ,दिनेश माड़साहब, श्री संजय श्रीवास्तव, चेतन श्रीवास्तव, दिनेश सक्सेना, गणेश गौड़, श्रीमती सीमा निगम, श्रीमती पिंकी श्रीवास्तव, श्रीमती अनामिका श्रीवास्तव एवं श्रीमती पिंकी निगम सहित समाजबंधुओं के हाथों संपन्न कराया गया। इस अवसर पर विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *