- जन विश्वास शिविर आलोट में आयोजित, हितग्राहियों को मंच से प्रदान किए योजनाओं के हितलाभ
- आयुष्मान हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव, उद्यमी संवाद में युवाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित





रतलाम । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत डॉ. अंबेडकर मांगलिक भवन, नगर परिषद आलोट में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम श्री विवेक सोनकर, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती ममता जैन, श्री नंदन जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
शिविर में जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनी गईं तथा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी दी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया से अवगत कराया।
सरकार जनता तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है
इस अवसर पर विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने कहा कि सरकार का अच्छा एवं सकारात्मक चेहरा जन विश्वास शिविर के माध्यम से जनता तक पहुंच रहा है। सरकार जब जनता तक पहुंचती है तो उसके परिणाम व्यापक रूप से सामने आते हैं। शासन के प्रयासों से बैंक द्वारा घर-घर जाकर लोगों के खाते खोले गए और अब विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान प्रशासनिक चेतना का अभियान है। इसके माध्यम से प्रशासन जनता के पास पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझता है और समाधान की दिशा में कार्य करता है। प्रत्येक शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारी फील्ड में जाकर आमजन की समस्याओं एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखते हैं।
उद्यमी संवाद में युवाओं ने साझा किए अनुभव
शिविर में उद्यमी संवाद आयोजित किया गया। युवा उद्यमी श्री कमल गुप्ता ने पीएचजीपी योजना का लाभ लेकर कोटा स्टोन व्यवसाय प्रारंभ करने के अपने अनुभव साझा किए। उद्यमी श्री विजय निगम ने पीएमएफएमई योजना का लाभ लेकर गार्लिक प्रोसेसिंग का कार्य प्रारंभ किया है।
श्री लोकेंद्र सिंह ने पशुपालन के क्षेत्र में कार्य करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर योजना का लाभ लेने की जानकारी दी। श्री महेश पाटीदार ने बागवानी मिशन के अंतर्गत योजना का लाभ लेकर नेट एवं पॉली हाउस के माध्यम से खेती करने के अपने अनुभव साझा किए। उद्यमियों ने युवाओं से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
हितग्राहियों को मंच से प्रदान किए योजनाओं के हितलाभ
जन विश्वास शिविर में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मंच से चेक एवं अन्य हितलाभ प्रदान किए गए। आयुष्मान योजना का लाभ लेने वाले हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजना से प्राप्त स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।