रतलाम मंडल इलेक्ट्रिकल विभाग ‘रेल मदद’ शिकायतों में दर्ज की उल्लेखनीय कमी, लगातार ग्रीन ज़ोन में बरकरार

  • प्रभावी निगरानी, प्रिवेंटिव मेंटेनेंस एवं त्वरित शिकायत निवारण से यात्रियों को मिल रही बेहतर सुविधाएं

रतलाम, 26 अक्टूबर। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा यात्रियों की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (पावर) श्री धर्मेंद्र कुमार प्रजापति के नेतृत्व मे इलेक्ट्रिकल विभाग द्वारा प्रभावी निगरानी, नियमित निवारक रखरखाव एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप ‘रेल मदद’ प्लेटफॉर्म पर दर्ज होने वाली शिकायतों में उल्लेखनीय कमी आई है तथा विभाग लगातार प्रत्येक माह ग्रीन ज़ोन में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए हुए है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विभागीय आंकड़ों के अनुसार मई 2024 में शिकायतों की संख्या 2,903 के उच्चतम स्तर पर थी, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में घटकर 834 रह गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी शिकायतों में कमी का क्रम जारी रहा और इनकी संख्या घटकर 810 तक पहुंच गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान प्रत्येक माह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में शिकायतों में दो अंकों की प्रतिशत कमी दर्ज की गई। अप्रैल माह में 30.14 प्रतिशत तथा अगस्त माह में 29.92 प्रतिशत की कमी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
रतलाम मंडल द्वारा ट्रेनों में यात्रियों को बेहतर विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इलेक्ट्रिकल कंट्रोल कार्यालय एवं कोचिंग डिपो में 24×7 निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ट्रेनों में वातानुकूलन, पंखों, लाइटिंग एवं अन्य विद्युत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही नियमित निवारक रखरखाव एवं रियल-टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से संभावित समस्याओं की पहचान कर उन्हें दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों, सतत निगरानी और यात्रियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण से शिकायत निवारण व्यवस्था में निरंतर सुधार हुआ है। ‘रेल मदद’ प्लेटफॉर्म पर शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए रेलवे मुख्यालय तथा यात्रियों द्वारा भी विभाग के प्रयासों की सराहना की गई है।
रतलाम मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में यात्रियों की शिकायतों में और कमी लाने, विद्युत सुविधाओं की विश्वसनीयता बढ़ाने तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *