
जावरा (अभय सुराणा)। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्थानीय जैन सोश्यल ग्रुप (जेएसजी) ‘जावरा मैत्री’ परिवार द्वारा ग्रुप के 17 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक गरबा महोत्सव का आयोजन अम्बिका रिसोर्ट पर किया गया। शीतल चांदनी रात में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में मैत्री दम्पत्ति साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्म, संस्कृति और आपसी मैत्री का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
स्थापना दिवस की खुशियां और पारंपरिक वेशभूषा की छटा
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्रुप ने अपनी 16 वर्षों की सेवा और मैत्री यात्रा को याद करते हुए 17 वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया।
बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता: कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही। बच्चों ने धार्मिक, पौराणिक और सामाजिक संदेश देने वाले विविध स्वरूप धारण कर मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाई और उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
महिलाओं का पारंपरिक गरबा: ग्रुप की महिला सदस्यों ने आकर्षक पारंपरिक गुजराती एवं राजस्थानी परिधानों में सज-धजकर भक्ति गीतों की धुन पर एकल और सामूहिक गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
धार्मिक भावना से ओतप्रोत कपल गरबा: महोत्सव में दंपत्ति सदस्यों ने पूर्ण धार्मिक भावना और मर्यादा के साथ गरबा रास खेला। भक्तिमय संगीत की स्वर लहरियों पर कदमताल करते सदस्यों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
लक्की ड्रॉ और प्रतिभागियों का सम्मान
कार्यक्रम में रोमांच और उत्साह को दोगुना करने के लिए ग्रुप सदस्यों के बीच विशेष ‘लक्की ड्रॉ’ का आयोजन किया गया, जिसके विजेताओं को आकर्षक उपहार भेंट किए गए। इसके साथ ही, फैंसी ड्रेस और गरबा महोत्सव में भाग लेने वाले सभी बच्चों, महिलाओं और दंपत्ति साथियों को मंच पर स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
चांदनी रात में हुआ अमृत रूपी खीर का वितरण
शरद पूर्णिमा की परंपरा का निर्वहन करते हुए रात्रि में चंद्रमा की शीतल रोशनी में रखी गई केसरिया खीर का वितरण प्रसादी के रूप में किया गया। सभी सदस्यों ने एक साथ खीर प्रसादी ग्रहण कर एक-दूसरे को स्थापना दिवस और शरद पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जैन सोश्यल ग्रुप जावरा मैत्री अध्यक्ष संदीप श्रीमाल, संस्थापक अध्यक्ष अनिल धारीवाल, पूर्वांध्यक्षगण संदीप रांका, पंकज कांठेड, आशीष पोखरना,राजीव लुक्कड़, आलोक बरैया, राजेश पोखरना, सचिव संदीप जैन, कोषाध्यक्ष शरद डूंगरवाल,दीपक मेहता, अर्पल कोचट्टा,विपिन चोरडिया,शैलेष श्रीश्रीमाल,राजेश हिंगड़,अजय पटवा, नितिन भण्डारी, तरुण टुकड़िया, संजय भटेवरा, मनीष पोखरना, वैभव चपड़ोद, संदीप दसेड़ा, आशीष चत्तर सहित ग्रुप के दम्पत्ति साथी उपस्थित थे,कार्यक्रम का संचालन शरद डूंगरवाल वआभार संदीप जैन द्वारा व्यक्त किया गया।