लंबित मांगों को लेकर पेंशनर्स एसोसिएशन का दो घंटे का धरना, दीपावली पूर्व महंगाई राहत घोषित करने की मांग

रतलाम 28/10/2026 । प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन, जिला रतलाम के तत्वावधान में पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर गुलाब चक्कर बगीचे में दो घंटे का धरना दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन के नाम 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेश व्यास, उप प्रांतीय अध्यक्ष एस.एन. सोडा, प्रांतीय सचिव एम.के. व्यास, इलियाज कुरैशी, संभागीय सचिव ए.एच. आबेदीन, संभागीय उप प्रांतीय अध्यक्ष एस.पी. सिंह जादौन, कैलाश वाघेला, दिनेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पेंशनरों एवं कर्मचारियों की समस्याओं पर शासन का ध्यान आकर्षित किया। जावरा से आए पदाधिकारियों ने भी पेंशनरों के हित में एकजुट संघर्ष का आह्वान किया।
वक्ताओं ने अर्जित अवकाश के भुगतान में कथित दोहरे मापदंड पर नाराजगी जताते हुए पूरे प्रदेश में एकरूप व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कुछ कोषालयों में सेवानिवृत्त शिक्षाकर्मियों को अर्जित अवकाश का भुगतान किया जा रहा है, जबकि अन्य जिलों में पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
एसोसिएशन ने केंद्र के समान लंबित दो प्रतिशत महंगाई राहत एवं महंगाई भत्ता दीपावली से पूर्व घोषित करने की मांग की। साथ ही विद्युत पेंशनर्स एवं कर्मचारियों को जिला कोषालय के माध्यम से पेंशन देने, पेंशनरों को कर्मचारियों के समान चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा छठे और सातवें वेतनमान के 32 एवं 27 माह के एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग रखी गई।
पेंशनरों ने कम्यूटेशन की 15 वर्ष की अवधि कम करने की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने में उपस्थित सदस्यों ने शासन से 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रदेश के माननीय डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन एवं मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन भोपाल को भेज कर मांगों को अतिशीघ्र निराकरण की मांग की है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *