रतलाम मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने ट्रेन में महिला यात्री का चोरी हुआ मोबाइल बरामद कर आरोपी को पकड़ा

रतलाम, 07 नवंबर। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने सतर्कता एवं तत्परता का परिचय देते हुए ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद करने तथा चोरी के आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 22902 में यात्रा कर रही महिला यात्री अरवा मुफद्दल अपने दिव्यांग बेटे के साथ एचए-1 कोच के केबिन संख्या C-8 एवं C-10 में सफर कर रही थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर रतलाम मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मामले में कार्रवाई शुरू की।
इस पूरी कार्रवाई में टिकट चेकिंग स्टाफ के श्री देवेंद्र प्रेमी, श्री पप्पू सिंह राणा एवं श्री इंद्रजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वडोदरा के सीएमआई कंट्रोल के सहयोग एवं समन्वय से टिकट चेकिंग स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध व्यक्ति को ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में पकड़ लिया तथा चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद किया। इसके पश्चात बरामद मोबाइल फोन महिला यात्री अरवा मुफद्दल को सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया, जबकि पकड़े गए आरोपी को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु भरूच में रेलवे सुरक्षा बल के सुपुर्द किया गया।
रतलाम मंडल रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडल के कर्मचारियों द्वारा सतर्कता एवं तत्परता से की गई इस कार्रवाई से यात्रियों की सुरक्षा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता पुनः प्रदर्शित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *