- मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद स्वयंसेवी संस्थाओं की जिला स्तरीय बैठक कार्यशाला
- सीएमसीएलडीपी कार्यक्रम अंतर्गत शतप्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने पर जिले के सभी परामर्शदाताओ को मेडल से सम्मानित किया गया





रतलाम। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला रतलाम द्वारा संवाद योजना अंतर्गत नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं एवं विकासखण्ड समन्वयकों की संयुक्त जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभागृह रतलाम में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उज्जैन संभाग समन्वयक श्री शिवप्रसाद मालवीय ने की। बैठक का शुभारंभ जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय द्वारा बैठक के उद्देश्यों एवं जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत कर किया गया।
बैठक में सूखाग्रस्त रतलाम जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए बोरी बंधान, जल संचय तथा जनभागीदारी से जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा शासकीय कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।
संभाग समन्वयक श्री शिवप्रसाद मालवीय ने नवांकुर संस्थाओं के कार्यों, सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण, परामर्शदात्री गतिविधियों एवं ग्राम स्तर पर संचालित सामाजिक कार्यों की समीक्षा करते हुए संस्थाओं को सेवा भाव एवं निस्वार्थ भाव से कार्य करने, प्रस्फुटन समितियों के सशक्तीकरण एवं दस्तावेजीकरण तथा गतिविधियों में नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवांकुर संस्थाएं शासन और समाज के बीच महत्वपूर्ण सेतु हैं। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं विकास कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
सीएमसीएलडीपी कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियों, फील्ड वर्क, प्रवेश एवं नवीनीकरण पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हुए ग्राम एवं समुदाय स्तर पर सेवा कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने परिषद के मोबाइल एप एवं एमआईएस पोर्टल पर अभियान, गतिविधियों, गूगल लोकेशन सहित फोटोग्राफ एवं प्रतिवेदन नियमित रूप से अपलोड करने तथा सभी जानकारियां समय-सीमा में अद्यतन करने की समीक्षा की। विकासखण्ड समन्वयक श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने एमआईएस पोर्टल की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी दी।
सीएमसीएलडीपी कार्यक्रम अंतर्गत शतप्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने पर जिले के सभी परामर्शदाताओ को मेडल से सम्मानित किया गया।
बैठक में विभागीय योजनाओं की जानकारी के अंतर्गत आनंद विभाग की जिला समन्वयक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती सीमा अग्निहोत्री, शिक्षिका श्रीमती मधु परिहार एवं आनंद विभाग की मास्टर ट्रेनर श्रीमती पुष्पेंद्र सिंह सिसौदिया ने स्कूल शिक्षा एवं आनंद विभाग की योजनाओं से अवगत कराया। जिला पंचायत की सामाजिक अंकेक्षण जिला समन्वयक श्रीमती दीप्ति पाठक ने सामाजिक अंकेक्षण एवं जिला पंचायत की विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
बैठक में विकासखण्ड समन्वयक श्री मुकेश कटारिया, श्री निर्मल अमलियार, श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, श्री रतनलाल चरपोटा, परिषद के श्री महावीर दास बैरागी, श्री परमानंद सिसौदिया, श्री विजयेश राठौड़ सहित जिले की समस्त नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधिगण एवं सीएमसीएलडीपी कार्यक्रम के परामर्शदाता उपस्थित रहे।