महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल द्वारा मधुमेह परीक्षण शिविर आयोजित





रतलाम। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल द्वारा पुलिस थाना दो बत्ती पर पुलिस स्टाफ हेतु निशुल्क मधुमेह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। संस्था अध्यक्ष डॉ प्रदीप जैन ने बताया कि शिविर का शुभारंभ सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में 45 पुलिसकर्मियों का ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर का परीक्षण किया गया जिसमें से तीन पुलिस कर्मियों की ब्लड शुगर सामान्य से अधिक पाई गई जिन्हें उचित इलाज लेने, नियमित रूप से योग व्यायाम करने और जीवन शैली में परिवर्तन की सलाह दी गई।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल की स्वास्थ्य सेवाएं सराहनीय है। आवश्यकता है कि पुलिसकर्मी नियमित रूप से अपने ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर का परीक्षण करवाएं और स्वस्थ जीवन शैली अपनाए। संस्था अध्यक्ष डॉ प्रदीप जैन ने कहा कि भारत मैं 10 करोड़ से भी ज्यादा डायबिटीज के मरीज है और 13 करोड़ से अधिक प्रीडायबीटिक है जो स्वयं अपने इस बीमारी से अनभिज्ञ है इसलिए आवश्यक है कि 40 की उम्र के बाद सभी नियमित रूप से अपने ब्लड शुगर की जांच करवाएं। विशेष रूप से पुलिस स्टाफ जिन्हें कई बार विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पालन करना पड़ता है इसलिए आवश्यक है पुलिसकर्मी नियमित रूप से योग व्यायाम करें एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाए । शिविर में डॉ महेश धनवानी ने निशुल्क सेवाएं प्रदान की। विशेष रूप से उपस्थित डीएसपी महेश नरेगावे ने भी सभा को संबोधित किया। संस्था अध्यक्ष डॉ प्रदीप जैन ने अतिथिद्वय का स्वागत कर प्रतीक चिन्ह भेंट किये। विशाल वर्मा ने आभार व्यक्त किया।