खनन से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की डीएमएफ से मरम्मत कराएं, मंडियों में किसानों को असुविधा नहीं हो



रतलाम 16 नवंबर । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि पुस्तक वितरण में लापरवाही के मामले में रिंगनोद के प्राचार्य के विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ की जाए। साथ ही संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा समय पर निगरानी नहीं किए जाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला शिक्षा अधिकारी किसी भी गलत कार्य का समर्थन नहीं करें तथा अनियमितताओं के मामलों में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में खनन गतिविधियों के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा।
कलेक्टर ने मंडी सचिव को निर्देशित किया कि मंडियों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में डीएफओ श्री अनुभा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।