रेलवे स्टेशन मार्ग पर बगीचे को सड़क से 2 मीटर पीछे खिसकाने की कार्रवाई शुरू


जावरा (अभय सुराणा)। जावरा रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग पर सड़क से सटाकर बनाए जा रहे बगीचे के निर्माण को लेकर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन द्वारा उठाई गई जनहित की मांग पर रेलवे प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। संगठन द्वारा रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र लिखकर बगीचे की बाउंड्रीवाल एवं रेलिंग को मुख्य सड़क से लगभग दो मीटर पीछे करने की मांग की गई थी। इस पर सकारात्मक पहल करते हुए अब बगीचे को सड़क से दो मीटर पीछे खिसकाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि संगठन के जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण ने 12 नवंबर 2026 को डीआरएम रतलाम को प्रेषित पत्र में बताया था कि जावरा रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग पर बगीचे का निर्माण सड़क के बिल्कुल समीप किया जा रहा है। इससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने के साथ ही यात्रियों, राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होने की आशंका थी। विशेष रूप से त्योहारों एवं विवाह समारोहों के अवसर पर स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। साथ ही सड़क किनारे बाउंड्रीवाल एवं रेलिंग होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी।
संगठन ने रेलवे प्रशासन से जनसुविधा एवं यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बगीचे की बाउंड्रीवाल और रेलिंग को सड़क से पर्याप्त दूरी पर बनाने का आग्रह किया था। रेलवे प्रशासन ने संगठन की मांग पर संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल सकारात्मक कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप बगीचे को मुख्य सड़क से दो मीटर पीछे करने का कार्य किया जा रहा है।
संगठन ने जताया आभार
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण ने इस त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई के लिए रतलाम मंडल के डीआरएम, जावरा रेलवे स्टेशन मास्टर तथा समस्त रेलवे प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर रेलवे प्रशासन द्वारा जिस तत्परता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्रवाई की गई है, वह सराहनीय है। इससे न केवल स्टेशन पहुंच मार्ग पर आवागमन सुगम होगा, बल्कि यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि संगठन सदैव जनहित, नागरिक अधिकारों, यात्री सुविधाओं एवं आमजन की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को जिम्मेदारी के साथ प्रशासन के समक्ष उठाता रहेगा।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। आभार व्यक्त करने वालों में कनकमल चौरड़िया, शैलेष श्रीश्रीमाल, प्रतीक लोढ़ा, अनिल श्रीश्रीमाल, भावेश हरण, अंकित हरण, अशोक झामर, जगदीश हरदिया, सोनू सोलंकी महेश जैन बोहरा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हैं।