कृष्ण प्राप्ति का मार्ग है सदाचार, सत्कर्म और निष्कपट भक्ति : आचार्य रामानुज जी

​रतलाम । श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ विधिवत पोथी पूजन के साथ हुआ। श्रीमती प्रेमलता गुप्ता, श्री उमेशचंद्र गुप्ता, श्रीमती मीना गुप्ता, श्री कमलकुमार गुप्ता, श्रीमती सुषमा गुप्ता, श्री अभिनव गुप्ता, श्रीमती गौरी, श्री आदित्य गुप्ता, श्रीमती ममता गुप्ता, श्री ऋषि अग्रवाल एवं श्रीमती रीना अग्रवाल ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव से पोथी पूजन कर कथा का शुभारंभ किया।
श्रीमद्भागवत कथा में परम पूज्य आचार्य श्री रामानुज जी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं विभिन्न अवतारों के प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि कृष्ण प्राप्ति का मार्ग केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए जीवन में सदाचार, सत्कर्म, निर्मल विचार और निष्कपट भक्ति आवश्यक है।
आचार्यश्री ने कहा कि सत्कर्मों में धर्मपूर्वक अर्जित धन का ही उपयोग करना चाहिए, क्योंकि अधर्म से कमाया गया धन मनुष्य के विवेक और आचरण को प्रभावित करता है। बिना सत्य जाने किसी की निंदा और दोषारोपण करना अनुचित है। इसी प्रकार ईर्ष्या मनुष्य के विवेक और मानसिक शांति को कमजोर करती है। दूसरों की उन्नति और प्रशंसा से प्रसन्न होना ही उदारता का परिचायक है।
राजसूय यज्ञ में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा सेवा स्वीकार करने तथा विदुर के घर साधारण भोजन ग्रहण करने के प्रसंगों के माध्यम से आचार्यश्री ने बताया कि भगवान को वैभव और छप्पन भोग नहीं, बल्कि भक्त का निष्कपट प्रेम, श्रद्धा और समर्पण प्रिय है। भगवान की वास्तविक महानता उनकी शक्ति के साथ-साथ उनकी विनम्रता और सेवा भाव में भी प्रकट होती है।
दक्ष प्रजापति के यज्ञ, माता सती एवं भगवान शिव के विवाह प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने निंदा से दूर रहने, समभाव रखने और सभी के प्रति सम्मान का भाव विकसित करने की प्रेरणा दी।
आचार्यश्री ने कहा कि कथा श्रवण का वास्तविक लाभ तभी है, जब हमारे जीवन और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आए। अहंकार, ईर्ष्या और नकारात्मक विचारों का त्याग कर प्रेम, सेवा, विनम्रता और सदाचार को अपनाना ही सच्ची भक्ति है।
कथा में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय सहित श्री बजरंग पुरोहित, श्री पवन सोमानी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
अंत में आचार्यश्री ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा— “धन धर्मपूर्वक कमाएँ, सत्कर्मों में लगाएँ, किसी की निंदा न करें और हृदय में निष्कपट प्रेम रखें। यही कृष्ण प्राप्ति का मार्ग है।”* उन्होंने सभी को संदेश दिया— *मुस्कुराइए प्यारों!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *