इस जनगणना में एक जाल बिछा है, और बहुत से जैन उसमें फँसने वाले हैं

जनगणना में प्राकृत भाषा को बचाइए, अन्यथा सरकारी कागजों में वह भाषा न बोली जाने वाली भाषा बनकर रह जाएगी

इंदौर (राजेश जैन दद्दू) । जनगणना केवल गिनती नहीं होती। जनगणना किसी समाज की पहचान का सरकारी दस्तावेज होती है। जनगणना में जो लिखा जाता है, वही आने वाले दस वर्षों तक उस समाज की सच्चाई माना जाता है। उसी के आधार पर योजनाएँ बनती हैं, उसी के आधार पर भाषाओं को मान्यता मिलती है, उसी के आधार पर इतिहास लिखा जाता है। राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने भारत वर्षीय सकल जैन समाज से आह्वान किया कि इस बार की जनगणना में जैन समाज के सामने एक ऐसा प्रश्न आकर खड़ा हुआ है, जो देखने में साधारण लगता है, परन्तु जिसका उत्तर पूरे समाज के भविष्य को निर्धारित करेगा। वह प्रश्न भाषा का है। वह प्रश्न प्राकृत का है।
16 नवंबर से जनगणना का दूसरा चरण प्रारंभ होने जा रहा है। प्रत्येक जैन परिवार के द्वार पर जनगणना कर्मी आएगा। वह धर्म पूछेगा, जाति पूछेगा, भाषा पूछेगा। उस क्षण में की गई एक छोटी सी भूल, एक पीढ़ी की भूल बन जाएगी। इसीलिए यह सूचना प्रत्येक जैन तक पहुँचाना अतिआवश्यक है।

एक प्रश्न, एक भ्रम

णमोकार मंत्र, कल्पसूत्र और समयसार, इन तीनों में क्या समान है। बहुत से लोग कहेंगे, तीनों संस्कृत में लिखे गए हैं। यह उत्तर गलत है।
सही उत्तर यह है कि ये तीनों प्राकृत भाषा में लिखे गए हैं।
भगवान महावीर की वाणी को हर जीव ने अपनी अपनी समझ से ग्रहण किया था। परन्तु ढाई हजार वर्षों से वह वाणी हम तक प्राकृत भाषा के माध्यम से पहुँची है। दिगंबर हो या श्वेतांबर, समयसार हो या नवकार मंत्र, हम सबकी जड़ एक ही है, और वह जड़ प्राकृत है।
अक्टूबर 2024 में भारत सरकार ने भी प्राकृत भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया था। यह जैन परंपरा के लिए गौरव का क्षण था। परन्तु शास्त्रीय दर्जा मिलना ही पर्याप्त नहीं है। यदि बोलने वालों की संख्या ही सरकारी कागजों में शून्य हो गई, तो वह भाषा जीवित होते हुए भी मृत घोषित कर दी जाएगी।
जनगणना का फार्म भरवाने वाला प्रश्न हमसे पूछता है, आपको कौन कौन सी भाषाएँ आती हैं। हम हिंदी और अंग्रेजी लिखकर आगे बढ़ जाएँगे। इसी प्रक्रिया में प्राकृत कहीं पीछे छूट जाएगी। जिस भाषा ने ढाई हजार वर्षों से हम तक धर्म पहुँचाया है, क्या उसका संरक्षण करना भारत वर्षीय जैन समाज का धर्म नहीं बनता। टीके वेद ने कहा कि
यदि इस जनगणना में बहुत कम जैनों ने यह लिखा कि उन्हें प्राकृत आती है, तो सरकारी कागजों के अंदर हमारी भाषा भाषा न बोली जाने वाली भाषा बनकर रह जाएगी। राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के संघ नायक राकेश गोहिल ने बताया कि
वह जाल क्या है।
जब आप जनगणना में अन्य भाषा में प्राकृत लिखेंगे, तो आपके सामने दो मिलते जुलते नाम आएँगे, प्राकृता और प्राकृति भाषा। ये नाम प्राकृत जैसे लगते हैं, परन्तु ये कन्नड़ की स्थानीय भाषाएँ हैं। यदि आप भूल से इनको चुन लेंगे, तो हमारी प्राकृत भाषा अपनी पहचान खो देगी। मंयक जैन ने कहा कि आपको प्राकृता नहीं चुनना है। आपको प्राकृति भाषा नहीं चुनना है। आपको शुद्ध रूप में प्राकृत, अर्थात Praakrit ही लिखना है। एक अक्षर का अंतर, एक भाषा के अस्तित्व का अंतर बन सकता है। टीके वेद ने भारत वर्षीय सकल जैन समाज से आह्वान किया कि
जनगणना में आपको क्या करना है यह कार्य अत्यंत सरल है। केवल तीन प्रश्नों पर ध्यान देना है।

प्रश्न संख्या 9- धर्म के स्थान पर – जैन लिखना है। गर्व से लिखना है, स्पष्ट रूप से लिखना है। धर्म के खाने में किसी अन्य नाम का प्रयोग नहीं करना है।
प्रश्न संख्या 10- जाति के स्थान पर :* अपनी वास्तविक जाति लिखनी है। जो जाति आपकी है जेसे परवार,खंडेलवाल , कासलीवाल, बड़जात्या,हुमडं, पोरवाल आदि वही लिखनी है। इसमें संकोच नहीं करना है, इसमें परिवर्तन नहीं करना है।
प्रश्न संख्या 14- भाषा के स्थान पर :* अपनी मातृभाषा वही रहने दीजिए, जो है। जैसे हिंदी है, तो हिंदी लिखिए। परन्तु साथ ही अन्य भाषा के स्थान पर प्राकृत अवश्य, अवश्य, अवश्य लिखना है। वह भी घर के हर सदस्य के लिए।
बच्चा हो या वृद्ध, महिला हो या पुरुष, प्रत्येक सदस्य के लिए प्राकृत का उल्लेख होना चाहिए। क्योंकि भाषा किसी एक व्यक्ति की नहीं होती, वह पूरे परिवार की, पूरे समाज की होती है। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ जैनेन्द्र जैन ने कहा कि प्राकृत क्यों है जैनों की आत्मा
प्राकृत केवल एक भाषा नहीं है। प्राकृत जैन धर्म की धमनियों में बहने वाला रक्त है।
णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं, यह नमोकार मंत्र प्राकृत में है।
कल्पसूत्र, जिसमें भगवान महावीर का जीवन चरित्र है, वह प्राकृत में है।
समयसार, जिसमें आत्मा का सार है, वह प्राकृत में है।
प्रवचनसार, नियमसार, पंचास्तिकाय, छहढाला, ये समस्त आगम ग्रंथ प्राकृत में हैं।
यदि प्राकृत नहीं होती, तो हम तक जिनवाणी नहीं पहुँचती। यदि जिनवाणी नहीं पहुँचती, तो हमारा धर्म, हमारा संस्कार, हमारी पहचान, कुछ भी नहीं बचता।
इसीलिए प्राकृत को बचाना, जिनवाणी को बचाना है। जिनवाणी को बचाना, अपने अस्तित्व को बचाना है। यह कार्य किसी संस्था का नहीं है। यह कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं है। यह कार्य प्रत्येक जैन का है। आप जनगणना कर्मी से कहिए कि अन्य भाषा में प्राकृत लिखिए। आप अपने परिवार के सदस्यों को समझाइए। आप अपने पड़ोस में, अपने समाज में, अपने मंदिर में, अपने व्हाट्सएप समूह में इस सूचना को पहुँचाइए।

राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ ने कहा कि एक जैन छूटेगा, तो एक संख्या घटेगी। एक संख्या घटेगी, तो एक भाषा कमजोर होगी। एक भाषा कमजोर होगी, तो एक परंपरा कमजोर होगी। इसीलिए संकल्प लीजिए, इस जनगणना में हम प्राकृत को नहीं भूलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *