जैन सोशल ग्रुप रतलाम यूथ द्वारा भव्य दीपोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह आयोजित

​रतलाम। जैन सोशल ग्रुप रतलाम यूथ के तत्वावधान में भव्य दीपोत्सव एवं दीपावली मिलन पार्टी का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस शानदार कार्यक्रम में चातुर्मास के दौरान तपस्या करने वाले यूथ के सभी तपस्वियों का विशेष अभिनंदन किया गया, साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दीपावली पर पटाखे न फोड़ने का संकल्प लेने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
​कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात प्रिया मूणत, कविता कटारिया, अंकिता छाजेड़ ,श्वेता नाहर,तनु गोरेचा और अर्चिता जैन द्वारा मनमोहक मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। चातुर्मास काल के दौरान यूथ के सदस्यों द्वारा की गई विभिन्न तपस्याओं के लिए सभी तपस्वियों का बहुमान एवं अभिनंदन किया गया। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस के रूप में मनाए जाने वाले पावन पर्व दीपावली के उपलक्ष्य में कार्यक्रम स्थल को अयोध्या नगरी की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया गया था। इस थीम के तहत बाल रूप में पधारे अर्हम छाजेड़ (राम जी), निर्वी कटारिया (सीता जी) और अयांश जैन (लक्ष्मण जी) के भव्य आगमन ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
​इसके उपरांत पंडित जी के सान्निध्य में महालक्ष्मी जी की भव्य आरती उतारी गई, जिसका लाभ सभी यूथ साथियों ने लिया। आरती के पश्चात सभी सदस्यों ने पारंपरिक गरबा नत्य का जमकर आनंद उठाया। इस भव्य आयोजन में लगभग 140 दंपत्ति सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और उत्सव का भरपूर आनंद लिया।
​कार्यक्रम के दौरान दीपावली पर पटाखे न फोड़ने का संकल्प लेने वाले बच्चों को यूथ परिवार की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं, कार्यक्रम में बेस्ट ड्रेसअप के लिए मेल वर्ग में अर्पण गंगवाल, फीमेल वर्ग में अर्पिता मेहता तथा बेस्ट फैमिली ड्रेसअप के लिए रितेश-मयूरी छाजेड़ और राहुल-शीतल बम को विजेता घोषित किया गया।
​कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रुप के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर अध्यक्ष राहुल छाजेड़, सचिव अभय लोढ़ा, संस्थापक अध्यक्ष प्रीतेश गदिया, पूर्व अध्यक्ष सौरभ छाजेड़, सौरभ नाहर, अंकित जैन, विनीत पीपाड़ा, वैभव राका, पदाधिकारी गर्वित गोखरू, अभिषेक राका, सौरभ मूणत, अमित गोरेचा, हर्ष जैन, अर्पित बोथरा सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संयोजन नवदीप मूणत एवं वीरेंद्र कटारिया द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *