नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित


रतलाम । जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक कॉलेज में एंटी नारकोटिक्स समिति गठित करने के लिए प्रस्ताव उच्च शिक्षा विभाग को भेजा जाए। ये समितियां कॉलेजों में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी तथा नशे की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाएंगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्कूलों एवं कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री एवं गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने नशीले पदार्थों के निर्माण में उपयोग होने वाले रसायनों की अवैध गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारत सरकार की संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर संयुक्त निरीक्षण किए जाएं, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में एफआईआर दर्ज होने के पश्चात संबंधित पट्टों के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाए। बैठक में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।