कलेक्टर श्री कटेसरिया की उपस्थिति में दत्तक ग्रहण आदेश जारी

बालक विनय परिवर्तित नाम को मिला नया परिवार और सुरक्षित भविष्य

रतलाम । जिले में एक भावनात्मक एवं सुखद अवसर पर कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया द्वारा दत्तक ग्रहण आदेश जारी किया गया। कलेक्टर ने बालक को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए दत्तक ग्रहण करने वाले परिवार को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि संबंधित बालक को मई 2026 में पारिवारिक एवं व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण उसके जैविक परिजनों द्वारा बाल कल्याण समिति के समक्ष विधिवत रूप से समर्पित (सरेंडर) किया गया था। इसके पश्चात बालक की देखरेख एवं संरक्षण की जिम्मेदारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित बाल देखरेख संस्था द्वारा निभाई जा रही थी।
दत्तक ग्रहण की निर्धारित कानूनी प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के पश्चात आज बालक को एक नया परिवार मिला। कलेक्टर श्री कटेसरिया द्वारा दत्तक ग्रहण आदेश जारी किए जाने के साथ ही बालक के जीवन में एक नई शुरुआत हुई।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने दत्तक ग्रहण करने वाले परिवार को बधाई देते हुए कहा कि बच्चे को प्रेम, सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य प्रदान करना परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। दत्तक ग्रहण केवल एक कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी बच्चे को परिवार, अपनापन और जीवन में आगे बढ़ने का अवसर देने का एक संवेदनशील मानवीय प्रयास है।
यह अवसर बाल संरक्षण एवं पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दत्तक ग्रहण के माध्यम से बालक को परिवार का स्नेह, संरक्षण और बेहतर भविष्य प्राप्त करने का अवसर मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *