गुलाब चक्कर परिसर में सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए नई शुल्क नीति जारी

  • परिसर में कार्यक्रमों के लिए 500 से 3000 रुपए तक शुल्क निर्धारित
  • 01 दिसम्बर 2026 से नई दरें होंगी लागू

रतलाम । सचिव पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद जिला रतलाम ने बताया कि गुलाब चक्कर परिसर के सुव्यवस्थित उपयोग, रख-रखाव एवं विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक तथा अन्य आयोजनों के संचालन हेतु परिसर के उपयोग की नीति निर्धारित की गई है।
उक्त नीति के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से गुलाब चक्कर परिसर में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने हेतु 01 दिसम्बर 2026 से शुल्क निर्धारित किया गया है।
जारी आदेश अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक एक ही व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा माह में प्रथम कार्यक्रम आयोजित करने के लिए 500 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार माह में द्वितीय एवं उसके पश्चात प्रत्येक अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए 1000 रुपए शुल्क देय होगा। शनिवार एवं रविवार को एक ही व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा माह में प्रथम कार्यक्रम आयोजित करने के लिए 1500 रुपए तथा द्वितीय एवं उसके पश्चात प्रत्येक अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए 3000 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।

निर्देश एवं शर्तें
गुलाब चक्कर परिसर में किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किए जाने से पूर्व जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, रतलाम से विधिवत अनुमति प्राप्त करना तथा परिसर के उपयोग की नीति अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य होगा।
कार्यक्रम आयोजन हेतु संबंधित व्यक्ति / संस्था द्वारा नियमानुसार निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र व शुल्क कार्यालय में जमा कराया जाना अनिवार्य होगा।
एक ही व्यक्ति / संस्था द्वारा एक कैलेंडर माह में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में प्रथम कार्यक्रम के लिए निर्धारित सामान्य दर लागू होगी तथा उसी माह में आयोजित द्वितीय एवं उसके पश्चात प्रत्येक अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए संबंधित दिवस (सोमवार से शुक्रवार अथवा शनिवार एवं रविवार) की द्वितीय कार्यक्रम हेतु निर्धारित दर ही देय होगी।
यदि कोई शासकीय कार्यक्रम उक्त दिवसो में निर्धारित रहता है तो ऐसी स्थिति में आयोजक को दी गई अनुमति निरस्त की जाकर जमा शुल्क राशि वापस की जावेगी अथवा आयोजक को उसकी मांग अनुसार आगामी दिवस यदि उपलब्ध रहता है तो आयोजन की अनुमति दी जा सकेगी। परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा एवं उपलब्ध सुविधाओं को बनाए रखने की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित आयोजक की होगी।
कार्यक्रम के दौरान परिसर अथवा उसकी परिसंपत्तियों को किसी प्रकार की क्षति पहुंचने पर उसकी भरपाई आयोजक द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पेय एवं भोज्य पदार्थ परिसर के बाहर से लाना प्रतिबंधित होगा केवल परिसर में स्थित केंटीन से ही पेय एवं भोज्य पदार्थ लिया जा सकेगा। शासन / प्रशासन द्वारा समय समय पर जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्यतः होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *