


रतलाम। पूज्य संत श्री आशारामजी बापू की शीघ्र रिहाई, समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं मानवीय अधिकारों के संरक्षण के साथ ही रतलाम के सुप्रसिद्ध मांगल्य मंदिर धर्मक्षेत्र की पवित्र तपोभूमि को भूमाफियाओं की कथित कुदृष्टि एवं कब्जे के प्रयासों से सुरक्षित रखने की मांग को लेकर सोमवार, 16 नवंबर को रतलाम में विशाल ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में धर्म प्रेमी भाई-बहन एकत्रित होकर रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। हाथों में बैनर, फ्लेक्स एवं तख्तियां लेकर साधकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए तथा महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपकर संबंधित विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने एवं उचित कार्यवाही करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में विशेष रूप से 87 वर्षीय पूज्य बापूजी के स्वास्थ्य, समुचित चिकित्सा सुविधाओं एवं मानवीय अधिकारों के विषय को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही मांगल्य मंदिर धर्मक्षेत्र रतलाम की पवित्र तपोभूमि पर कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक कब्जे के प्रयासों पर चिंता व्यक्त करते हुए धर्मक्षेत्र की भूमि एवं उसकी पवित्रता की रक्षा करने की मांग भी रखी गई। आयोजकों ने कहा कि यह धर्मक्षेत्र दशकों से साधना, सत्संग, संस्कार एवं विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों का केंद्र रहा है। यह लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आध्यात्मिक स्थल है। अतः इससे संबंधित विषयों पर संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं न्यायपूर्ण दृष्टिकोण के साथ विचार किया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में श्री योग वेदांत सेवा समिति, युवा सेवा संघ एवं महिला उत्थान मंडल, रतलाम के साधक-भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।