सफलता की कहानी – कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अपने हाथों से नवजात को दिया डिस्चार्ज कार्ड, 55 दिन बाद परिवार के घर लौटी खुशियां

जिला चिकित्सालय की एसएनसीयू में 30 सप्ताह में जन्मे 1.1 किलो के प्रीमेच्योर शिशु का हुआ सफल उपचार, अब पूर्ण स्वस्थ

रतलाम । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के हाथों जब 55 दिन तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने वाले नवजात शिशु को डिस्चार्ज कार्ड मिला तो उसके माता-पिता के चेहरे पर खुशी और संतोष झलक उठा। जिला चिकित्सालय रतलाम की मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई (एमसीएच) की एसएनसीयू में उपचाररत इस नन्ही जिंदगी को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सकीय टीम के समर्पित प्रयासों से नया जीवन मिला है।
लालगुड़ी, थाना डी.डी. नगर निवासी मैना एवं राजू के घर 23 सितंबर 2026 को खुशियां आईं, लेकिन उनका नवजात शिशु मात्र 30 सप्ताह में जन्मा था। जन्म के समय उसका वजन केवल 1.1 किलोग्राम था। समय से पहले जन्म होने के कारण शिशु को सांस लेने में परेशानी, कम वजन और एनीमिया की समस्या थी। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय की एसएनसीयू में भर्ती कराया गया।

कलेक्टर ने किया उत्साहवर्धन, अपने हाथों से सौंपा डिस्चार्ज कार्ड
नेशनल न्यू बॉर्न वीक के शुभारंभ अवसर पर 16 नवंबर को कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने स्वस्थ हुए शिशु को अपने हाथों से डिस्चार्ज कार्ड प्रदान किया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए चिकित्सकीय टीम के प्रयासों की सराहना की। 55 दिनों तक चले उपचार और देखभाल के बाद शिशु को स्वस्थ अवस्था में घर भेजा गया। छुट्टी के समय उसका वजन बढ़कर 1.4 किलोग्राम हो गया था।

आधुनिक चिकित्सा और मां की देखभाल से मिली सफलता
सिविल सर्जन डॉ. एपी सिंह के मार्गदर्शन में एसएनसीयू प्रभारी डॉ. प्रतीक आर्य एवं उनकी टीम ने निर्धारित एफबीएनसी प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार किया। शिशु को शुरुआती 11 दिनों तक सीपीएपी मशीन के माध्यम से सांस लेने में सहायता दी गई। एनीमिया के उपचार के लिए ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया गया तथा भर्ती के पांचवें दिन से नली के माध्यम से आहार देना प्रारंभ किया गया।
उपचार के दौरान लगभग 30 दिनों तक मां ने शिशु को कंगारू मदर केयर (केएमसी) प्रदान की। साथ ही माता एवं परिजनों को फैमिली पार्टिसिपेटरी केयर के तहत शिशु की उचित देखभाल का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि अस्पताल से छुट्टी के बाद भी बच्चे की बेहतर देखभाल हो सके।

परिजनों ने चिकित्सकीय टीम का जताया आभार
55 दिनों के लंबे उपचार के बाद अपने बच्चे को स्वस्थ अवस्था में घर ले जाते समय परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टरों ने उनके बच्चे को नया जीवन दिया है। इसके लिए वे जिला चिकित्सालय की पूरी टीम के आभारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *