प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के तहत विकासखंड स्तरीय बैठक एवं प्रशिक्षण संपन्न

ग्राम विकास, जल संचय, जैविक कृषि और नवाचार में जनभागीदारी बढ़ाने पर हुआ मंथन

पिपलौदा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला रतलाम द्वारा संवाद योजना अंतर्गत प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के तहत मंगलवार को डाइट पिपलौदा के सभागृह में विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक एवं क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद से जुड़े प्रतिनिधियों, परामर्शदाताओं, नवांकुर संस्थाओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम विकास की गतिविधियों को प्रभावी बनाना, सामाजिक सहभागिता बढ़ाना तथा समितियों की कार्यक्षमता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।

शासन और समाज के बीच सेतु है परिषद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नगर अध्यक्ष एवं पार्षद प्रवीण सिंह राठौर ने कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद शासन और समाज के बीच महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य कर रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने में परिषद की भूमिका सराहनीय है।

सामूहिक प्रयास से आएगा सकारात्मक परिवर्तन
विशेष अतिथि भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष प्रफुल्ल जैन ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं और ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां सामूहिक प्रयासों से गांवों में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं। सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संचय एवं जनजागरूकता के कार्यों को जन आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है।

समितियों की समीक्षा और कार्ययोजना पर जोर
इस अवसर पर जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों एवं कार्ययोजना के अनुरूप गतिविधियों का संचालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समितियों की नियमित बैठकें, गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यों का एमआईएस एप पर समयबद्ध अद्यतन तथा गतिविधियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण अत्यंत आवश्यक है।

जल संचय पर दिया मार्गदर्शन
युवा समाजसेवी देवेंद्र शर्मा ने जल संरक्षण एवं जल संचय विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक गांव में वर्षा जल का अधिकतम संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, सोख्ता गड्ढों का निर्माण, पानी के पुनः उपयोग तथा जल अपव्यय को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका
डाइट के वरिष्ठ व्याख्याता भंवरलाल सोनी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने, ग्राम विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने तथा परिषद के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षकों ने दिए महत्वपूर्ण टिप्स
प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक अनिल पाटीदार, जगदीश बैरागी, कांतिलाल पाटीदार, सोनल बघेल एवं राहुल कंडारे ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की कार्यक्षमता, नेतृत्व विकास, सामाजिक सहभागिता, कार्ययोजना निर्माण, गतिविधियों के क्रियान्वयन एवं दस्तावेजीकरण जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।अंत मे विशेष अतिथि प्रफुल जैन ने जल संरक्षण की शपथ दिलवाई।
कार्यक्रम में पिपलौदा विकासखंड के परामर्शदाता, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य, नवांकुर सखियां तथा नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन अनिल पाटीदार ने किया तथा आभार नवांकुर संस्था के अध्यक्ष गणपत जाधव ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *