नामली उपमंडी को स्वतंत्र मंडी का दर्जा देने के लिए मंडी बोर्ड मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा

कलेक्टर श्री कटेसरिया की अनुशंसा पर आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी के साथ प्रस्ताव प्रेषित

रतलाम 18 नवंबर । कृषि उपज मंडी समिति रतलाम की उपमंडी नामली को स्वतंत्र मंडी का दर्जा देने की प्रक्रिया के तहत मंडी बोर्ड मुख्यालय भोपाल को आवश्यक दस्तावेजों एवं जानकारी के साथ प्रस्ताव भेजा गया है।
कृषि उपज मंडी समिति रतलाम के सचिव ने बताया कि उपमंडी नामली को पूर्ण एवं स्वतंत्र मंडी का दर्जा प्रदान करने के संबंध में पूर्व में भी प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। इस संबंध में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया की अनुशंसा पर मंडी बोर्ड मुख्यालय द्वारा दी गई प्रशासकीय स्वीकृति एवं आवश्यक सीमांकन तथा आय-व्यय संबंधी जानकारी सहित समस्त प्रस्ताव पूर्व में प्रेषित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि नामली उपमंडी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समस्त गांवों एवं पटवारियों के अनुसार सीमांकन की विस्तृत जानकारी तथा मंडी समिति रतलाम के पत्राचार के माध्यम से कृषि उपज की आवक-जावक एवं ग्राम मंडी शुल्क/आय का संपूर्ण विवरण भी भेजा गया है। संयुक्त संचालक मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के निर्देशानुसार 17 नवंबर 2026 को मंडी बोर्ड मुख्यालय को नामली को पूर्ण मंडी का दर्जा दिए जाने के संबंध में आवश्यक अनुशंसाओं सहित प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रस्ताव में नामली उपमंडी को स्वतंत्र मंडी घोषित करने एवं अधिसूचना जारी करने के संबंध में अंतिम निर्णय मंडी बोर्ड मुख्यालय तथा शासन स्तर से लिए जाने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *