
इंदौर (राजेश जैन दद्दू) । भोजशाला धार मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। इस सुनवाई में जैन पक्ष की ओर से दायर की गई एसएलपी पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीरता से विचार किया और सभी पार्टियों को नोटिस जारी किए हैं। इसी के साथ जैन पक्ष से संबंधित इस एसएलपी को भी मुख्य मामले के साथ कनेक्ट कर दिया गया है। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि यह निर्णय जैन समाज के लिए एक बड़ी कानूनी उपलब्धि माना जा रहा है। यह मामला सलेक चन्द जैन विरुद्ध यूनियन ऑफ इंडिया एंड अदर्स एसएलपी (सी) 26847/2026 के नाम से सुप्रीम कोर्ट में दर्ज है। आज की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता ऋषभ संचेती जैन ने जैन पक्ष की ओर से प्रभावी दलीलें पेश कीं। उन्होंने माननीय न्यायालय के समक्ष जैन समाज के ऐतिहासिक अधिकारों, धार्मिक मान्यताओं और भोजशाला से जुड़े प्राचीन तथ्यों को विस्तार से रखा। उन्होंने न्यायालय को बताया कि भोजशाला केवल एक विवादित स्थल नहीं है, बल्कि यह जैन धर्म की आस्था, परंपरा और इतिहास से जुड़ा हुआ पवित्र स्थल है। जैन समाज का इस स्थल से सदियों पुराना संबंध रहा है और इस संबंध को किसी भी प्रकार से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अधिवक्ता ऋषभ संचेती जैन की दलीलों को सुनने के बाद माननीय सुप्रीम कोर्ट ने सभी पार्टियों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि जैन पक्ष की इस एसएलपी को मुख्य मामले के साथ कनेक्ट किया जाए, ताकि सभी पक्षों की सुनवाई एक साथ हो सके और एक ही निर्णय से संपूर्ण विवाद का निपटारा हो सके। इस आदेश के बाद अब जैन पक्ष भी इस ऐतिहासिक मामले में एक प्रमुख पक्षकार के रूप में शामिल हो गया है। अब जैन समाज की बात भी सीधे सुप्रीम कोर्ट के समक्ष रखी जाएगी। अब जैन समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई और अधिक मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। सलेक चन्द जैन ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सत्य की जीत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी से विवाद करना नहीं है, हमारा उद्देश्य केवल अपने धर्म, संस्कृति, आस्था और अपने ऐतिहासिक अधिकारों की रक्षा करना है। भोजशाला में जैन समाज के अधिकारों को मान्यता मिलनी चाहिए और इसके लिए हम न्यायालय के माध्यम से शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हमारी एसएलपी को कनेक्ट करके हमें न्याय की आशा दी है। उन्होंने समस्त जैन समाज से अपील की कि इस मामले में एकजुट रहें और धर्म की रक्षा के लिए सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं है, यह लड़ाई संपूर्ण जैन समाज की है, यह लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के लिए है। भोजशाला मामले में जैन पक्ष के शामिल होने से अब इस मामले को नया मोड़ मिल गया है। अब सुप्रीम कोर्ट में सभी पक्षों की दलीलें सुनी जाएंगी और उसके बाद ही कोई अंतिम निर्णय होगा। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ जैनेन्द्र जैन ने कहा कि अब जैन समाज को पूर्ण विश्वास है कि सत्य की विजय होगी और न्यायालय से न्याय अवश्य मिलेगा।