
रतलाम। शहर के प्रमुख आस्था केंद्र कालिका माता मंदिर परिसर में आमजन के उत्तम स्वास्थ्य के लिए 18 नवंबर से एक महत्वपूर्ण ‘नाड़ी परीक्षण एवं रोग निदान सेवा प्रकल्प’ की शुरुआत हुई है। कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट, रतलाम द्वारा शुरू की गई इस पहल के तहत मरीजों को प्राचीन नाड़ी विज्ञान के माध्यम से सटीक निदान, निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श और मुफ्त औषधियों का लाभ मिलेगा।
गरबा ग्राउंड के समीप सुबह 8 से 10:30 बजे तक मिलेगी सेवा
यह स्वास्थ्य सेवा सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 10:30 बजे तक कालिका माता परिसर में गरबा ग्राउंड स्थित फिजियोथेरेपी सेंटर के समीप संचालित की जाएगी। प्रशिक्षित नाड़ी परीक्षकों की टीम मरीजों की नाड़ी देखकर रोगों का सटीक निदान करेगी और आवश्यकता अनुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।
राज वैद्य की प्राचीन चिकित्सा परंपरा का मिलेगा लाभ
इस प्रकल्प की विशेषता यह है कि मरीजों को मुख्य नाड़ी वैद्य श्री मनीष शर्मा की सेवाओं का लाभ मिलेगा, जो प्राचीन रियासत ‘काछी बड़ौदा’ के ख्यातनाम राज वैद्य आचार्य श्री नारायण प्रसाद उपाध्याय के नाती हैं। वैद्य मनीष शर्मा अपने नाना की नाड़ी विज्ञान में महारत और प्रामाणिक चिकित्सा परंपरा को इस प्रकल्प के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।
अतिथियों ने किया वैद्य व टीम का सम्मान
शुभारंभ अवसर पर कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री राजाराम मोतियानी, काकानी सोशल वेलफेयर सोसायटी के सचिव श्री गोविंद काकानी एवं श्रीमती सुनीता काकानी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों ने मुख्य नाड़ी वैद्य श्री मनीष शर्मा और उनकी सहयोगी टीम (सुश्री अस्मि शर्मा, श्रीमती चांदनी फुलवानी और श्री हितेंद्र जोशी) का अंग वस्त्र और पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी और सदस्यगण भी उपस्थित रहे।