लोकोपयोगी सेवाओं के विवादों के निराकरण के लिए स्थायी लोक अदालत की सुविधा

  • बिना न्यायालय शुल्क के होगा निराकरण
  • बीमा सेवा, बैंकिंग, वित्त, शैक्षणिक संस्थानों अन्य से संबंधित विवादों के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते

रतलाम 18 नवंबर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम द्वारा लोक उपयोगी सेवाओं के विवादों के निराकरण के लिए स्थायी लोक अदालत की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
स्थायी लोक अदालत में हवा, सड़क अथवा जल मार्ग से यात्रियों एवं माल के लिए परिवहन सेवा, पोस्टल, टेलीफोन एवं दूरसंचार सेवा विद्युत प्रकाश एवं जल आपूर्ति, सार्वजनिक मलवहन एवं स्वच्छता प्रणाली, अस्पताल एवं डिस्पेंसरी सेवा, बीमा सेवा, आवासीय एवं संपदा बैंकिंग एवं वित्त तथा शिक्षा एवं शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित विवादों के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
कोई भी पक्षकार उक्त सेवाओं से संबंधित विवाद को किसी न्यायालय के समक्ष लाने के पूर्व विवाद के लिये स्थाई लोक अदालत के समक्ष निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। आवेदन समर्थनकारी दस्तावेजों के साथ एक साधारण पेपर पर भी दिया जा सकता है।
आवेदक स्वयं उपस्थित होकर या अपने प्राधिकृत प्रतिनिधि द्वारा या वकील के माध्यम से कार्यालयीन समय के दौरान आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। वर्तमान में स्थाई लोक अदालत में एक करोड़ मूल्य की आर्थिक सीमा तक का विवाद को प्रस्तुत किया जा सकता है।
यदि पक्षकार विवाद के समझौते के लिये किसी करार पर पहुँचने पर असफल रहते हैं एवं विवाद किसी अपराध से संबंधित नहीं है तो स्थाई लोक अदालत विवाद का गुणागुण के आधार पर विनिश्चय करेगी। स्थायी लोक अदालत में कोई न्यायालय शुल्क नहीं लगेगा।
स्थायी लोक अदालत की प्रक्रिया सरल एवं सौहार्दपूर्ण है। इसमें कोई भी व्यथित पक्ष स्वयं उपस्थित हो सकता है। यह प्रक्रियात्मक कानूनों की कठोरता से बाध्य नहीं है। इसमें न्यायालय शुल्क का भुगतान करने अथवा अधिवक्ता नियुक्त करने की आवश्यकता नहीं है। प्रत्येक अधिनिर्णय सिविल न्यायालय की डिक्री के समान होता है तथा इसका अंतिम निराकरण होता है। इसके निर्णय के विरुद्ध कोई अपील नहीं होती है।
अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय परिसर रतलाम के दूरभाष नंबर 07412-299019 तथा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *