जिला पंचायत की स्थाई कृषि समिति की बैठक में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, योजनाओं के लाभार्थियों की सूची मांगी

जावरा/रतलाम (अभय सुराणा) । रतलाम जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत की स्थाई कृषि समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष डीपी धाकड़ ने की। बैठक में डीडीए सहित कृषि विभाग एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अध्यक्ष डीपी धाकड़ ने शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों की मोबाइल नंबर सहित सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचने की स्थिति की जानकारी मिल सके।
उद्यानिकी विभाग से रतलाम जिले में वितरित किए गए फलदार पौधों की संख्या एवं उनसे लाभान्वित क्षेत्रफल (हेक्टेयर) की जानकारी मांगी गई। वहीं मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए हितग्राहियों को मछली पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का सुझाव दिया गया।
बैठक में अल्पवर्षा के कारण जिले में खाद की मांग में आई कमी का विषय भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष खाद की मांग एवं बिक्री लगभग 50 प्रतिशत रह गई है।
बैठक में अध्यक्ष डीपी धाकड़ सहित सदस्य महेंद्र सिंह, शरद डोडिया, चंपा चंदू एवं अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने विभागीय आयोजनों एवं कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को सूचना नहीं देने और उन्हें नजरअंदाज किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि रतलाम जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ मीले इसके लिए सभी को प्रयास करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *