
जयपुर। जैन पत्रकार महासंघ (रजि.) के तत्वावधान में परम पूज्य आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं चातुर्मास आयोजन समिति के सहयोग से श्री गोलोक धाम, निमोड़िया, चाकसू में राष्ट्रीय जैन पत्रकार महासम्मेलन एवं वैचारिक गोष्ठी का भव्य आयोजन 29 नवम्बर रविवार को किया जायेगा। कार्यक्रम में देशभर से आने वाले जैन पत्रकारों, संपादकों, साहित्यकारों, लेखकों एवं प्रबुद्धजन भाग लेंगे।
जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने अवगत कराया कि सम्मेलन में जैन पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, समाज एवं संस्कृति के संरक्षण में मीडिया की भूमिका, धार्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार तथा पत्रकारिता की दिशा एवं दशा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श, मंथन किया जायेगा। वक्ताओ द्वारा निष्पक्ष, निर्भीक एवं सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने तथा जैन धर्म की संस्कृति, सिद्धांतों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जायेगा।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जायेगा । इस अवसर पर दैनिक समाचार जगत, के स्वामी,, प्रकाशक, एवं मुद्रक प्रोपराइटर श्रीमती त्रिशला गोधा धर्मपत्नी समाचार जगत के संस्थापक, समाज भूपण स्व. श्री राजेन्द्र के गोधा को राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जायेगा। साथ ही पत्रकारों के सम्मान समारोह एवं स्नेह मिलन का आयोजन किया जायेगा।
पोस्टर का हुआ विमोचन
इस अवसर पर उपरोक्त पोस्टर का विमोचन पूज्य आचार्य श्री के सानिध्य में किया गया।
जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, राष्ट्रीय महमंत्री उदयभान जैन बडजात्या,कार्यक्रम संयोजक दीपक गोधा एवं सुरेन्द्र बडजात्या, गोलोक सेवा समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार जैन, प्रवक्ता चेतन जैन निमोडिया, उपाध्यक्ष नितिन बनेठा, प्रकाश बाकलीवाल (छोटा गिरनार अध्यक्ष), विनोद सेठी, चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अनिल जैन बनेठा, महामंत्री पारस जैन बाकलीवाल,एवं कोषाध्यक्ष रमेश गंगवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परम पूज्य आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में चल रही परियोजनाओं के सम्बन्ध में बताया, 1 करोड़ बृक्षारोपण योजना के अन्तर्गत गोलोक धाम एरिया में बृक्ष लगाये जा रहे हैं। प्रथम चरण में लगभग 300 गायों का संरक्षण किया जा रहा है और भी अनेकों कल्याणकारी कार्य किये जा रहे है।