- जैन दिवाकर श्री चौथमल जी म.सा. की जन्म जयंती एवं मालव रत्न उपाध्याय श्री कस्तूरचंद जी म.सा. की दीक्षा जयंती पर कार्यक्रम संपन्न
- चातुर्मास के समापन अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित, बच्चों को किया पुरस्कृत




रतलाम 22 नवंबर । जैन दिवाकर स्मारक का निर्माण पूज्य घोर तपस्वी मोहन मुनि मसा की प्रेरणा से हुआ है। उन्होंने सदैव अपने गुरुदेव श्री जैन दिवाकर जी के नाम को आगे बढ़ाया और कभी स्वयं के नाम को प्रमुखता नहीं दी। उक्त विचार श्रमण संघीय प्रवर्तक प्रकाश मुनि जी मसा ने जैन दिवाकर, जगत वल्लभ प्रसिद्ध वक्ता श्री चौथमल जी म.सा. की 149वीं जन्म जयंती एवं मालव रत्न, ज्योतिषाचार्य उपाध्याय गुरुदेव श्री कस्तूरचंद जी म.सा. की 121वीं दीक्षा जयंती पर आयोजित गुणानुवाद सभा मे व्यक्त किए।
आपने फरमाया कि रतलाम का श्रीसंघ अत्यंत भाग्यशाली है, जहां सदैव संत-महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है। उन्होंने बताया कि ‘दिवाकर जी की प्रार्थना सात कीजो जी, श्री शांतिनाथ जी शिव सुख दीजो जी’ सहित सातों वार की प्रार्थनाओं की रचना की गई। दिवाकर जी एवं सौभाग्यमल जी मसा ने संघ और समाज को आचार्य प्रदान किए, लेकिन स्वयं कभी पद की लालसा नहीं रखी। मालव रत्न कस्तूरचंद जी मसा ने दुखियों के दुख-दर्द दूर करने के लिए संपन्न लोगों को प्रेरित कर उनकी लक्ष्मी का सदुपयोग करवाया।
धर्मसभा को संबोधित करते हूए पूज्य महासती श्री प्रफुल्ला श्री जी ने फरमाया कि रतलाम नगरी पर सदैव संत-महापुरुषों का आशीर्वाद रहा है। ज्योतिषाचार्य कस्तूरचंद जी मसा दीक्षा मुहूर्त सहित प्रत्येक शुभ कार्य के लिए मुहूर्त प्रदान करते थे। मेरी दीक्षा का मुहूर्त भी गुरुदेव ने ही प्रदान किया था। पूज्य गणेशीलाल जी मसा मिथ्यात्व के घोर विरोधी एवं उग्र तपस्वी थे। वे गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को भी उपवास की प्रेरणा देकर तपस्या करवाते थे। इस अवसर पर साध्वी महिमा जी मसा ने गुरु भक्ति पर सुंदर भजन प्रस्तुत कर उपस्थित श्रावक- श्राविकाओं को भक्तिरस से भावविभोर कर दिया।
श्रीसंघ मीडिया प्रभारी निलेश बाफना ने बताया की धर्म सभा की शुरुवात दिवाकर चालीसा एवं गुरु गणेश अष्टक के मंगलाचरण के साथ हुई। चातुर्मास के दौरान संपूर्ण प्रतिक्रमण सीखने वाले बच्चों सहज कटारिया एवं श्रेयांश बाफना को नवयुवक मंडल तथा दिवाकर पाठशाला परिवार की ओर से नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान महासतियों द्वारा बच्चों को दोनों हाथों से एक साथ अलग-अलग लिखने, आंखों पर काली पट्टी बांधकर रंगों की पहचान करने, किताब पढ़ने एवं क्यूब पजल हल करने जैसी विशेष कलाएं भी सिखाई गईं। धर्मसभा में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर नन्हीं बालिका नीति कटारिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
नवयुवक मंडल अध्यक्ष आशीष कटारिया ने चातुर्मास काल के दौरान आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
श्रीसंघ अध्यक्ष अजय खिमेसरा ने अपने उद्बोधन में पूज्य गुरुदेव जगत वल्लभ श्री चौथमल जी मसा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि वे प्रातः स्मरणीय हैं। पूज्य गुरुदेव मुनीन्द्र जैन दिवाकर की प्रार्थना ‘करो आनंद एक मंगलकारी मंत्र है’, जिसके स्मरण से विपत्तियां एवं बाधाएं दूर होती हैं। उन्होंने ज्योतिषाचार्य पूज्य कस्तूरचंद जी मसा का स्मरण करते हुए बताया कि वे गरीब एवं दुखी व्यक्तियों की गुप्त रूप से सहायता करवाते थे। आज 45 वर्षों बाद भी भक्तगण उनके पाट के दर्शन करने नियमित आते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए श्रद्धा प्रकट करते हैं। पूज्य गुरुदेव गणेशीलाल जी मसा मिथ्यात्व के प्रबल विरोधी एवं कठोर तपस्वी थे।
संघ गौरव महेंद्र बोथरा ने अपने उद्बोधन में दोनों श्रीसंघों के बीच बेहतर सामंजस्य एवं एकता की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि पूर्व की परंपरा को पुनः प्रारंभ किया जाना चाहिए, जिसके अंतर्गत एक वर्ष नीमचौक श्रीसंघ में तथा एक वर्ष धर्मदास सौभाग्य श्रीसंघ में चातुर्मास आयोजित हो।
कार्यक्रम का संचालन विनोद बाफना ने किया तथा आभार विनोद कटारिया ने माना। संपूर्ण कार्यक्रम के लाभार्थी सोहन बाई-शैतानमल जी, शीला देवी-विजय कुमार जी, खुशबू-जितेंद्र जी, दीपशिखा-आशीष जी, पार्श्व पर्व तथा प्रियांशी-लव्या पटवा परिवार रहे।
इस अवसर पर श्रीसंघ अध्यक्ष अजय खिमेसरा, महामंत्री विनोद कटारिया, कोषाध्यक्ष अमृत कटारिया, संघ रत्न इंदरमल जैन, संघ गौरव महेंद्र बोथरा, मणिलाल कटारिया, सुरेश कटारिया, ललित पटवा, प्रेम कुमार मोगरा, जयंतीलाल डांगी, विनोद बाफना, प्रकाश मेहता, विजय कटारिया, विजय पटवा, नवयुवक मंडल अध्यक्ष आशीष कटारिया, वीरेंद्र कटारिया, अरिहंत बोराणा, पंकज पटवा, मनीष भटेवरा, रितेश मूणत, बहु मंडल अध्यक्ष रीना गांधी, ऋतु कटारिया, समता पितलिया, महिला मंडल अध्यक्ष मीना बोथरा, उषा बोथरा, बालिका मंडल अध्यक्ष रक्षिता पटवा, जियांशी कटारिया, बालक मंडल अध्यक्ष लक्ष्य कटारिया, श्रेयांश बाफना, शुभ बोराणा सहित धर्मदास सौभाग्य श्रीसंघ के प्रकाश मूणत, संदीप चोरड़िया, रखब चत्तर आदि सदस्य उपस्थित रहे।