साधु-संतों की सुरक्षा पर सवाल, एक और दुर्घटना होते-होते बची, समस्त जैन समाज से विनम्र निवेदन

इंदौर (राजेश जैन दद्दू)। श्रंमण संस्कृति के जैन साधु-संतों के विहार प्रारंभ हो चुके हैं। ऐसे में समस्त समाज बंधुओं से राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के प्रचारक राजेश जैन दद्दू, राकेश गोहिल, मयंक जैन आह्वान करते हुए निवेदन करते हैं कि अपने-अपने नगर, क्षेत्र में साधु-संतों भगवंतों के विहार की सूचना संबंधित थाने में अवश्य दें। मयंक जैन ने कहा कि सरकार की ओर से जैन साधु-संतों भगवंतों की सुरक्षा हेतु पुलिस व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। राजेश जैन दद्दू ने समाजजन से आह्वान किया कि इस व्यवस्था का लाभ लें और साधु-संतों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और समाजजन विहार में अधिक से अधिक संख्या में साथ चलकर सुरक्षित विहार करवाएं। एक चिंताजनक घटना की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। दिनांक 20/11/2026 की शाम विहार के दौरान मुनि श्री विशद सागर जी महाराज ससंघ एक गाड़ी की टक्कर से बाल-बाल बच गए। उसी गाड़ी से मुनि श्री शिव सागर जी महाराज को भी टक्कर लगते-लगते बची। विहार में मुनि श्री के साथ चल रहे एक व्यक्ति को मामूली चोट आई तथा महाराज जी का कमंडल भी टूट गया। जबकि दोनों महाराज लंबी दूरी के अंतराल से चल रहे थे, दोनों के साथ एक ही गाड़ी द्वारा टक्कर मारने की घटना मात्र संयोग नहीं हो सकती, यह सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है। इस गंभीर घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे भी कोई सोची-समझी साजिश थी। राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ भारत वर्षीय सकल जैन समाज के सभी व्यक्तियों से अपील करता है कि सतर्क रहें, जागरूक रहें और साधु-संतों के विहार के समय साथ चलें और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था रखें। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेन्द्र जैन ने कहा कि श्रमण संस्कृति के साधक साधु-संत ही हमारी पहचान हैं। वे हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सुरक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या कमेटी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समस्त भारत वर्षीय जैन समाज का कर्तव्य है। साधु-संतों की सुरक्षा, समाज की सामूहिक जिम्मेदारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *