“एक शाम श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम के नाम” होगी भजन संध्या, निकलेगी रथ यात्रा



रतलाम। श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम की पावन ज्योत से रतलाम के कोमल नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर प्रांगण में प्रतिष्ठित सोनणा खेतलाजी श्री सिद्धेश्वर भैरव देव मंदिर पर दो दिवसीय काल भैरव अष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा।
“एक शाम श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम के नाम” भव्य भजन संध्या का आयोजन 30 नवंबर 2026 को सैलाना रोड़ स्थित मोहन बाग रतलाम में होगा। जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक देवेंद्र सिंह पवार लाल मस्ताना भीलवाड़ा, हिना डांगी मंदसौर, अदिति कोठारी इंदौर और बाल कलाकार तन्मय परिहार सैलाना अपने सुमधुर भजनों से शमा बांधेंगे। भजन संध्या में राजस्थान की नृत्य जोड़ी नंबर एक हेमसिंह धर्मेंद्र सिंह भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
1 दिसंबर 2026 को दोपहर 02 बजे श्री सोनाणा खेतलाजी की भव्य रथ यात्रा श्री राम मंदिर से बैंड बाजे ढोल ताशे के साथ निकलेगी जो कोमल नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचेगी। जहां भक्तगण नाचते गाते श्री सोनाणा खेतला जी भैरवजी को 56 भोग अर्पण कर महाआरती करेंगे। इसके बाद महोत्सव में पधारे सभी भक्तजनों एवं कोमल नगर और गणेश नगर के सभी रहवासियों की भोजन प्रसादी आयोजित की जाएगी।
दो दिवसीय यह भव्य महोत्सव 30 नवंबर एवं 1 दिसंबर को भक्ति भाव के साथ जुनीधाम सोनाणा खेतलाजी के परम भक्त, उपासक एवं कोमल नगर खेतलाजी धाम के गादीपति श्री प्रमोद कुमार जैन (सालेचा औरा) के पावन सानिध्य में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री नाकोड़ा धाम नागदा के गादीपति श्री मुकेश सुरेशचंद्रजी (मामाजी) जैन, श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष प्रकाशवन गोस्वामी, रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन तथा युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
काल भैरव अष्टमी समारोह के दसवें वर्ष के आयोजन की पत्रिका लेखन का कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में कार्तिक माह की पूर्णिमा को मंदिर में हुआ। सभी देवी-देवताओं के नाम पत्रिका लेखन किया गया।
आयोजक श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम के भक्तगण एवं श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर समिति, कोमल नगर रतलाम ने नगर की धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।